आप ने मांगा भुल्लर का निष्कासन

By: Mar 13th, 2019 12:01 am

आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से उठाई मांग

अमृतसर -आम आदमी पार्टी (आप) ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मांग की विधायक सुखपाल सिंह भुल्लर को पार्टी से निष्कासित किया जाए। आप के अमृतसर से लोकसभा उम्मीदवार कुलदीप सिंह धालीवाल और पंजाब युवा प्रधान मनजिंद्र सिंह ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस विधायक सुखपाल सिह भुल्लर और पूर्व संसदीय सचिव विरसा वल्टोहा नशे को बढ़ावा देने, नशा तस्करों को पनाह देने और हफ्ता वसूली में संलिप्त रहे हैं। इन दोनों नेताओं के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर इन्हें गिरफ्तार किया जाए। आप नेताओं ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह लोगों को बेवकूफ बना कर सत्ता में आए थे। उन्होंने विधानसभा चुनावों में एक महीने के भीतर राज्य से नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन इसके विपरीत राज्य में नशीले पदार्थों के सेवन में बढ़ोतरी हुई है।  उन्होंने कहा कि राज्य में नशे का कारोबार बढ़ा है।  युवाओं के नशे का ग्राफ बढ़ा है। उन्होंने बताया कि नशे के सेवन से अकेले सुलतान विंड गांव में ही पिछले दस दिनों में छह लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और कांग्रेस दोनों की पार्टियां सुखपाल सिंह भुल्लर और विरसा वल्टोहा से चुनावी फंड लेती रही हैं।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App