चार डिग्री चढ़ा पारा, तपने लगे मैदान

By: Mar 29th, 2019 12:15 am

ऊना-हमीरपुर का पारा 30 से पार, मार्च में ही रंग दिखाने लगी गर्मी

शिमला – हिमाचल में  31 मार्च से तीन अप्रैल तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान तापमान में उछाल आने की उम्मीदें जताई जा रही हैं। मौसम खुलते ही राज्य के मैदानी इलाकों में प्रचंड गर्मी ने पसीने छुड़ाने शुरू कर दिए हैं। मार्च माह के आखिर में ही ऊना व हमीरपुर का पारा 30 डिग्री का आंकड़ा पार कर चुका है।  गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर धूप खिली रही। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में फिर से उछाल आया है। तापमान में उछाल आने से राज्य के मैदानी इलाके तपने शुरू हो गए हैं। राज्य के ऊना व हमीरपुर के पारे ने 30 डिग्री का डिग्री का आंकड़ा पार कर दिया है। दिन के समय पड़ रही प्रचंड गर्मी खूब पसीने छुड़ा रही है। अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सोलन के तापमान में सबसे अधिक चार डिग्री की बढ़ोतरी आई है। इसके अलावा धर्मशाला व भुंतर के तापमान में तीन डिग्री, शिमला, सुंदरनगर, कल्पा, हमीरपुर, चंबा, डलहौजी में दो, बिलासपुर, कांगड़ा, केलांग, नाहन के तापमान में एक डिग्री तक का उछाल आया है। अधिकतम तापमान के साथ-साथ बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में भी एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, नाहन व  ऊना का अधिकतम तापमान अधिक रिकार्ड किया गया है। न्यूनतम तापमान में उछाल आने से अब रातें भी तपने लगी हैं। राज्य में अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य बना हुआ है।

आज से फिर बारिश के आसार

हिमाचल प्रदेश के एक-दो स्थानों पर शुक्रवार को गर्जन के साथ बारिश होगी। राज्य में 30 मार्च को भी उक्त क्रम जारी रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य में दो दिनों के दौरान गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है।  मौसम विभाग के पूर्वानुमान अगर स्टीक बैठते हैं तो आगामी दो दिनों के दौरान फिर से जनता को ठंड का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में दो दिन तक मौसम खराब बना रहेगा। राज्य में 31 मार्च से तीन अप्रैल तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान तापमान में बढ़ोतरी आएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App