सात तक खिली रहेगी धूप

By: Mar 5th, 2019 12:20 am

 शिमला —तीन महीने से ठंड झेल रहे हिमाचल को अब आने वाले दिनों में राहत मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक मंगलवार से सात मार्च तक प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। सोमवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कुछेक क्षेत्रों में ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई। शिमला में हालांकि सुबह के समय धूप खिली रही, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद मौसम ने करवट ले ली। इस दौरान यहां ओलावृष्टि के साथ जमकर बारिश हुई। जानकारी के मुताबिक जिला किन्नौर के कल्पा में एक सेंटीमीटर हिमपात हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि आठ मार्च को प्रदेश में एक बार फिर से मौसम खराब रहेगा। इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानों में बारिश होगी। उसके बाद नौ से 11 मार्च तक मौसम साफ रहेगा। जानकारी के अनुसार प्रदेश के प्रमुख स्थानों के अधिकतम तापमान पर गौर करें तो शिमला में 10.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि सुंदरनगर 21, भुंतर 19.5, कल्पा 8.6, धर्मशाला 15.8, ऊना 23.6, नाहन 18.2, केलांग 1.2, पालमपुर 16, सोलन 14.5, मनाली आठ, कांगड़ा 20.7, मंडी 16.2, हमीरपुर 18.2, डलहौजी 4.8 और कुफरी का अधिकतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी तरफ प्रदेश के जनजातीय जिलों में अभी तक न्यूनतम तापमान माइनस में है। कल्पा माइनस 2.6 और केलांग का न्यूनतम तापमान माइनस 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App