सोलन में मुख्यमंत्री का कांग्रेस पर हमला; बोले, सुखराम और वीरभद्र जितनी झप्पियां डाल लें, जीतेगी भाजपा ही

By: Mar 30th, 2019 2:28 pm

सुखराम और वीरभद्र सिंह की झप्पी कोई नई बात नहीं है। अपना-अपना वक्त आने पर दोनों गले मिलते रहते हैं। इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोलन में कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल की राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले पंडित सुखराम को तो हमने भी गले लगाया था, पर अब वह पोते आश्रय के साथ कांग्रेस में हो गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समय बदल गया है और सुखराम व वीरभद्र सिंह की गलबहियों का ज्यादा फर्क पडऩे वाला नहीं है क्योंकि भाजपा प्रदेश की चारों सीटें जीत रही है। मुख्यमंत्री ने ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा की तारीफों के पुल बांधे और कहा कि वह पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता हंै। देश में ऐसे कई उदाहरण हैं जहां पिता और पुत्र अलग-अलग पार्टियों में हंै। अब अनिल शर्मा को अपने विवेक से काम लेना है। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि लोकसभा चुनावों को हमने कतई हल्के में नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव चुनौतियों भरा है। प्रत्याशी कोई नया है या पुराना , ज्यादा फर्क नहीं पड़ता। अंत में जीत हमारी ही होगी। गौर रहे कि सीएम जयराम ठाकुर सोलन पहुंचे। इस दौरान उनका स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। जयराम ठाकुर ने यहां भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उनके साथ निवर्तमान सांसद वीरेंद्र कश्यप और भाजपा के शिमला संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी सुरेश कश्यप भी मौजूद रहे। -सोलन से दिव्य हिमाचल वेब टीवी के लिए जय ठाकुर के साथ सुरेंद्र ममटा की रिपोर्ट।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App