होली की रात साफ होंगे भाजपा के चेहरे

By: Mar 22nd, 2019 12:01 am

उम्मीदवारों पर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में होगा फैसला, सीएम आज जाएंगे दिल्ली

शिमला – लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशियों का फैसला गुरुवार रात को हो सकता है। दिल्ली में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में टिकटों के मसले पर निर्णय हो सकता है। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा चुनाव समिति की बैठक गुरुवार रात और शुक्रवार सुबह होनी है, जिसमें हिमाचल के चारों प्रत्याशियों पर मुहर लगनी है। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के लिए मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह शिमला से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उनके साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती भी मौजूद रहेंगे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रदेश के चारों प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लग सकती है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा समिति के सदस्य भी हैं। हिमाचल से संबंध रखने वाले केंद्रीय मंत्री के समक्ष चारों सीटों पर टिकटों का फैसला हो सकता है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक हमीरपुर सीट पर प्रत्याशी के नाम पर लगभग सहमति बन चुकी है, लेकिन मंडी, कांगड़ा और शिमला सीट पर पेंच फंसा हुआ है। मंडी से वर्तमान सांसद रामस्वरूप शर्मा, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह और ब्रिगेडियर कुशाल ठाकुर के बीच टिकट की जंग है। मंडी से ही पूर्व सांसद पंडित सुखराम अपने पोते आश्रय शर्मा को टिकट दिलवाने के लिए दिल्ली में डटे हैं। भाजपा सूत्रों की माने तो मंडी सीट से सांसद रामस्वरूप शर्मा या  पूर्व सांसद महेश्वर सिंह को मिल सकता है। शिमला संसदीय सीट से भी वर्तमान सांसद वीरेंद्र कश्यप के साथ विधायक सुरेश कश्यप, पूर्व में सोलन विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे डा. राजेश कश्यप, आरडी कश्यप, एचएन कश्यप और शशिबाला के नाम पर चर्चा चली हुई है।

प्रत्याशियों की सूची लेकर लोटेंगे सीएम

मुख्यमंत्री अपने दिल्ली दौरे से शुक्रवार को लौटेंगे। वह प्रत्याशियों की सूची लेकर लौटेंगे। मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह अपने सरकारी आवास ओकओवर में होली मना कर दिल्ली के लिए रवाना होंगे और 22 को शिमला वापसी करेंगे।

पार्टी मुख्यालय पहुंचे जयराम ठाकुर

शिमला— मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बुधवार को पार्टी मुख्यालय दीपकमल शिमला पहुंचे और लोकसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। वह बुधवार को शिमला में ही मौजूद थे। इस कारण वह अपनी टीम के साथ पार्टी कार्यकालय पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी अभियान पर भी चर्चा की। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने होली की बधाई दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App