राफेल मुद्दे पर घेरी मोदी सरकार

By: Apr 17th, 2019 12:10 am

सिहुंता, चुवाड़ी—पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार पर राफेल के मुद्दे को लेकर कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने साथ ही भाजपा पर जुमलेबाजी से देश की जनता को गुमराह करने का आरोप भी जड़ा। उन्होंने कहा कि खुद को किसान हितैषी बताकर और पंद्रह लाख रुपए खाते में आने का झांसा देकर देश की सत्ता हथियाने वाली एनडीए सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में भाजपा को बड़ी कीमत चुकानी होगी। वह मंगलवार को सिहंुता में कांगडा- चंबा संसदीय सीट से पार्टी प्रत्याशी पवन काजल के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। वीरभद्र सिंह ने कहा कि अब देश की जनता भाजपा का असली चेहरा पहचान चुकी है। और भाजपा को सत्ता से बेदखल कर कांग्रेस को देश की बागडोर सौंपने का मन बना चुकी है। उन्होंने लोगों से पार्टी प्रत्याशी पवन काजल के पक्ष में मतदान कर केंद्र में कांग्रेस सरकार की ताजपोशी में अहम रोल अदा करने को कहा। इस मौके पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन कुलदीप सिंह पठानियां ने मोदी सरकार के नोटबंदी के गलत फैसले सहित बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने भी केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। दोपहर बाद पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने चुवाड़ी चौगान में भी पार्टी प्रत्याशी पवन काजल के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पवन काजल को काफी करीब से देखा है। उन्होंने पवन काजल के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया।

मौके पर ये रहे मौजूद

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलदीप राठौर, डलहौजी की विधायक आशा कुमारी, पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, भटियात के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानियां, वन निगम के पूर्व उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानियां, भटियात ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राम सिंह चंबियाल, राजीव कौशल व विजय कंवर समेत काफी तादाद में कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App