संगरूर से परमिंदर लड़ेगे चुनाव

By: Apr 6th, 2019 12:01 am

चंडीगढ़ -शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने संगरूर लोकसभा सीट से पार्टी के पूर्व वित्तमंत्री परमिंदर सिंह ढींडसा को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। इसी के साथ पार्टी अब तक छह सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। खडूरसाहिब से बीबी जागीर कौर, जालंधर से लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष चरनजीत सिंह अटवाल, आनंदपुर साहिब से निर्वमान सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा, पटियाला से पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा, फतेहगढ़ साहिब से पूर्व आईएएस दरबारा सिंह गुरु उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने कहा कि शेष चार सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान जल्द कर दिया जाएगा। ज्ञातव्य है कि राज्य की तेरह लोकसभा सीटों में से शिअद के हिस्से में दस सीटें तथा तीन सीटें उसकी सहयोगी भारतीय जनता पार्टी के खाते में आती हैं। इनमें से पिछले चुनाव में चार सीटें शिअद, दो सीटें भाजपा, कांग्रेस तीन तथा आम आदमी पार्टी को चार सीटें मिली थीं। अब तक कांग्रेस छह सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है, जिनमें से पटियाला सीट पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह की पत्नी एवं पूर्व विदेश राज्यमंत्री परनीत कौर तथा तीन सीटों पर उसने अपने निर्वतमान सांसदों पर भरोसा जताते हुए उन्हें ही चुनाव मैदान में उतारा है, जिनमें गुरदासपुर से सुनील जाखड़, लुधियाना से रवनीत बिट्टू, जालंधर से संतोख सिंह चौधरी, होशियारपुर से राजकुमार चब्बेवाल, अमृतसर से गुरजीत सिंह औजला शामिल हैं। शिअद के प्रधान सुखबीर बादल से नाराज होकर पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने शिअद (टकसाली) बना लिया है। इसमें शिअद के निवर्तमान सांसद रंजीत सिंह ब्रहमपुरा, सेवा सिंह सेखों, पूर्व सांसद रतन सिंह अजनाला शामिल हैं। सांसद सुखदेव ढींडसा भी शिअद से नाराज बताए जाते हैं तथा वह पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे चुके हैं तथा वह अपने पुत्र परमिंदर ढींडसा को संगरूर सीट से लड़ने से मना कर रहे हैं।  आम आदमी पार्टी अभी तक अपने पत्ते नहीं खोल सकी है। हालांकि इस बार सभी दलों में लोकप्रिय उम्मीदवारों की कमी है, जिसके चलते उम्मीदवारों के ऐलान में देरी हो रही है। भाजपा अभी तक अपनी तीन सीटों में से किसी पर उम्मीदवार घोषित नहीं कर सकी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App