सत्ती का पुतला फूंका

By: Apr 17th, 2019 12:10 am

ऊना—भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के बिगड़े बोल पर उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। नालागढ़ के रामशहर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती द्वारा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष के विरुद्ध प्रयोग किए अपशब्दों व एक पंथ विशेष के लोगों के प्रति की गई टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को ऊना मुख्यालय पर कांग्रेस पार्टी ने उग्र प्रदर्शन किया। कांग्रेस पार्टी ने ऊना शहर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के खिलाफ रोष रैली निकाली, वहीं उनका पुतला भी फूंका। पूतला फूंके जाने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ भी झड़प हो गई। इससे पहले सुबह कांग्रेस कार्यकर्ता ऊना मुख्यालय पर गलुआ मोड़ पर एकत्रित हुए। ऊना सदर विस क्षेत्र से कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गलुआ मोड़ से बस स्टैंड तक ट्रैफिक लाइट्स चौंक होते हुए रोष रैली निकाली। वहीं, बस स्टैंड के साथ ही पेट्रोल पंप के समीप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती का पुतला फूंक डाला। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पुलिस भी सकते में आ गई। पेट्रोल पंप के सामने पुतले में लगी आग को बुझाने के प्रयास करने जब थाना प्रभारी दर्शन सिंह आगे आए तो विधायक सतपाल सिंह रायजादा व उनके समर्थक उनसे भिड़ गए। कुछ देर के लिए माहौल गर्म हो गया। इसी बीच पुतले की आग की चपेट में आने से कांग्रेस के युवा नेता अखिल अग्निहोत्री बाल-बाल बचे। इस अवसर पर विधायक सतपाल रायजादा ने कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के विरुद्ध अमर्यादित शब्दों व गाली-गलौज का इस्तेमाल कर भाजपा के संस्कारों का परिचय दिया है। सतपाल रायजादा ने कहा कि भाजपा धर्म, जात-पात की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में प्रदेश की जनता चारों सीटों पर भाजपा को हार का स्वाद चखाएगी। इस मौक पर विधायक सतपाल रायजादा के नेतृत्व में कांग्रेस की रोष रैली में जिला कांग्रेस प्रधान राजेश पराशर राजू, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष विरेंद्र धर्माणी, प्रदेश कांग्रेस सचिव विवेक शर्मा, विरेंद्र मनकोटिया, दीपक लट्ठ, अखिल अग्निहोत्री, ब्लॉक कांग्रेस ऊना के प्रधान हजारी लाल धीमान, राजकुमार राजु सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बोतल में भी आग लग गई

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान पेट्रोल पंप के समीप अचानक ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती का पुतला फूंक दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतले पर बोतल से पेट्रोल छिड़क आग लगा दी। इसी बीच पेट्रोल से भरी बोतल को भी आग लग गई। जिसे कांग्रेस के युवा नेता ने तुरंत फेंका। इसी बीच पुलिस जब आग बुझाने लगी तो युवा नेता अखिल जमीन पर गिर गया व जलता हुआ आग बुझाने के प्रयास में पुतला भी उसकी तरफ जा गिरा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App