सावधान! कल ओले पड़ेंगे, तूफान चलेगा

By: Apr 15th, 2019 12:20 am

शिमला  —हिमाचल प्रदेश के मैदानी हलकों सहित शिमला, कुल्लू, सिरमौर, मंडी व चंबा में दो दिन मौसम कडे़ तेवर दिखाएगा। मौसम विभाग ने राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 16 व 17 अप्रैल को गर्जन के साथ ओलावृष्टि होगी। विभाग ने इस दौरान इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर प्रचंड तूफान चलने की चेतावनी भी जारी की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य भर में 18 अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि राज्य में 19 व 20 अप्रैल को मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान तापमान में और उछाल आने की संभावना है। रविवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा। राज्य के मैदानी इलाकों में तेज धूप खिलने से अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक का उछाल दर्ज किया गया है, जबकि शिमला, सुंदरनगर, भुंतर, केलांग और सोलन में दोपहर बाद ठंडी हवाओं के चलने से अधिकतम तापमान में शनिवार के मुकाबले हल्की गिरावट रिकार्ड की गई है। बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, डलहौजी के अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक की बढ़ोतरी आंकी गई है। कांगड़ा के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक तीन डिग्री तक का उछाल आया है। तापमान में उछाल आने से ऊना का तापमान फिर से 35 डिग्री से पार हो गया है। बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और नाहन में भी दिन के समय प्रचंड गर्मी पड़ रही है। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य बना हुआ है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 16 और 17 अप्रैल को कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ ओलावृष्टि व तेज तूफान चलेगा। राज्य में 18 अपै्रल तक मौसम खराब बना रहेगा। जबकि 19 व 20 अप्रैल को मौसम साफ बना रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य के मैदानी व मध्यम पर्वतीय क्षेत्रों में 16 व 17 अप्रैल को तूफान चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के तहत राज्य के इन क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा या इससे अधिक गति से हवाएं चलेंगी, जो फसलों के लिए घातक साबित हो सकता है।

कहां, कितना तापमान

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    22.6       14.2

सुंदरनगर  30.1       13.2

भुंतर       26.8       10.9

कल्पा     21.5       5.0

धर्मशाला   23.4       13.6

ऊना       35.7       15.4

नाहन      32.6       18.1

सोलन     27.8       13.1

केलांग     17.4       3.0

कांगड़ा    31.1       14.3

बिलासपुर 32.4       14.9

हमीरपुर    32.1       14.7

चंबा       26.8       11.0

डलहौजी  18.1       11.4


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App