सिर्फ शिमला में ही हिमाचल दिवस

By: Apr 14th, 2019 12:02 am

अचार संहिता के चलते जिला मुख्यालयों पर नहीं होंगे कार्यक्रम, सभी जिलाधीशों को सर्कुलर जारी

शिमला —इस बार हिमाचल दिवस लोकसभा चुनावी चक्रव्यूह में फंस गया। हालांकि हर साल 15 अप्रैल को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों सहित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है, लेकिन इस बार लोकसभा चुनावी आचार संहिता के कारण ऐसा नहीं होगा। प्रदेश में सिर्फ राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन होगा, जो शिमला के रिज पर आयोजित किया जाएगा। जिला स्तर पर इस बार कोई भी कार्यक्रमों का आयोजन नहीं होगा। इस संदर्भ में प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी जिलाधीशों को सर्कुलर भी जारी कर दिया है। ऐसे में 15 अप्रैल को शिमला के रिज पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत करेंगे। हालांकि हर साल हिमाचल दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार कुछ न कुछ नई घोषणाएं भी करती है, लेकिन इस बार चुनावी आचार संहिता के कारण कोई भी घोषणा नहीं हो सकेगी। वहीं दूसरी तरफ 15 अप्रैल को हिमाचल दिवस के अवसर पर शिमला के ऐतिहासिक रिज में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में गुरुकुल कुरुक्षेत्र के लगभग 50 विद्यार्थी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। गुरुकुल कुरुक्षेत्र, जिसके संरक्षक हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत हैं, में मलखंब खेल गतिविधियों का अहम हिस्सा है। यहां के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर मलखंब के बेहतर प्रदर्शन के लिए विशेष पहचान बना चुके हैं। हिमाचल दिवस पर मलखंब का जौहर दिखने आ रहे गुरुकुल के 50 छात्र राजभवन में ठहरेंगे। वहीं राज्यपाल हिमाचल दिवस के अवसर पर प्रदेश के युवाओं को नशे से दूर रहने का भी पाठ पढ़ाएंगे।

न मुख्यमंत्री, न ही मंत्री रहेंगे मौजूद

हिमाचल दिवस के अवसर पर इस बार न तो मुख्यमंत्री कार्यक्रम में भाग लेंगे, न ही उनके सहयोगी मंत्री। चुनावी आचार संहिता के चलते मुख्यमंत्री और मंत्रियों को भी हिमाचल दिवस कार्यक्रम से दूर रहना पड़ेगा। ऐसे में मुख्यमंत्री सहित उनके सहयोगी मंत्री लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगते नजर आएंगे।

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App