सुक्खू को भाजपा का न्योता

By: Apr 27th, 2019 12:02 am

शिक्षा मंत्री बोले, आत्म सम्मान है तो छोड़ दें कांगे्रस

शिमला —संगठन में बार-बार पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निशाने पर आ रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को भारतीय जनता पार्टी ने न्योता दिया है।  भाजपा ने कहा है कि यदि उनमें थोड़ा भी आत्म सम्मान है, तो वह कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में आ जाएं, जिसके दरवाजे उनके लिए खुले हैं। शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश भारद्वाज ने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू चाहें तो भाजपा में आ जाएं, जिन्हें यहां पर पूरा सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने जिस तरह हमीरपुर में सुक्खू को गंद और मक्कर झंडू बोल कर अपमानित किया हैं, इस तरह उनका पार्टी में रहने का कोई औचित्य नहीं। अग़र सुक्खू में थोड़ा सा आत्मसम्मान बचा है तो वे कांग्रेस छोड़कर बाहर आ जाएं। अग़र वे पार्टी छोड़कर आते हैं तो बीजेपी उनका पार्टी में स्वागत करने पर विचार कर सकती है। साथ ही शिक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी के आरोप लगाए। भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं को हाशिये पर धकेलने का काम कर रही है। वीरभद्र सिंह सुखराम को आया राम और गया राम कह रहे हैं औऱ जनसभा में सुखराम-आश्रय शर्मा रोने का नाटक कर रहे हैं। विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री केवल मात्र सुर्खियां बटोरने में लगे हैं जिनका संगठन में कोई जनाधार नहीं है। संगठन में उनकी कोई बात नहीं सुनी जा रही। उन्होंने कहा कि कांगे्रस में आनंद शर्मा नए नेता के रूप में उभरते जा रहे हैं जिनका प्रदेश में कोई अस्तित्व नहीं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस को अपने वजूद का पता चल जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App