हिंसा फैलाने का काम कर रही कांग्रेस

By: Apr 17th, 2019 12:10 am

स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने जड़ा आरोप; कहा, विपक्षी दल ने बाकायदा फतवा जारी कर सुपारी देने का ऐलान किया

धर्मशाला    —प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती की जीभ काटने वाले को 10 लाख रुपया देने की सुपारी जारी करने के पीछे कांग्रेस का हाथ है। ऐसे लोग समाज में कट्टरता व भ्रांतियां फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिनके खिलाफ लगाम कसना जरूरी है। मंगलवार को धर्मशाला में पत्रकारों को संबोधित करते हुए सुपारी की बात को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने कहा कि यह बयान कांग्रेस के किस नेता की शह पर दिया गया है। कांग्रेस अपनी हार को देख कर हिमाचल प्रदेश में हिंसा करवाने का षड्यंत्र रच रही है। कांग्रेस के जिम्मेदार व्यक्ति द्वारा फतवा जारी करना कांग्रेस की मानसिकता को बताता है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर प्रश्न किया कि जब 15 अगस्त को आप फेसबुक पर पाकिस्तान के एक जनरल की फोटो डालते हैं, तो आपको शर्म नहीं आई थी। आज पाकिस्तान परस्त कांग्रेसियों को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है। सतपाल सत्ती ने केवल उदाहरण देकर मयार्दा में रहने की सभी को सलाह दी थी, लेकिन कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में पहली बार सुपारी देना शुरू कर दिया है। हिमाचल में आज तक कभी कोई फतवा जारी नहीं हुआ है, लेकिन कांग्रेस फतवा दे रहे नेताओं को पाल-पोस रही है। आज कांग्रेस के नेताओं में इतनी नैतिकता नहीं की विनय शर्मा के खिलाफ सड़कों पर उतर कर उनका पुतला फूंक दे। विपन परमार ने कहा कि जो कोई मुद्दा ही नहीं है, कांग्रेस के लोग उसे मुद्दा बनाकर चुनावी माहौल को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस के जिन लोगों के पर आरोप लगे हैं, वह देश के प्रधानमंत्री को चोर जैसे अपमानित शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। विपिन परमार ने कहा कि कांग्रेस बौखलाहट में हैं तथा वह सच बोलने वाले कितनों की जीभों को काटेंगे। इस मौके पर प्रदेश भाजपा के सह-मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, जिलाध्यक्ष संजय चौधरी, संजय शर्मा, राजेश कुमार सहित कई नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस देशद्रोहियों के साथ

ऊना— भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा है कि मोदी सरकार ने पांच वर्षों में जो काम करके दिखाया है, उसे कांग्रेस 55 वर्षों में भी नहीं कर पाई। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में देशद्रोह की धारा 124-ए हटाने का वादा कर यह सुनिश्चित कर दिया है कि कांग्रेस का हाथ अब देशद्रोहियों के साथ है।  नरेंद्र मोदी के शासनकाल में भारत सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर हुआ है जो चीजें कभी नामुमकिन लगती थीं, उन सबको नरेंद्र मोदी ने तेजी से धरातल पर उतारा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App