नालागढ़ देश में सबसे गर्म, 44 पर पारा

By: May 9th, 2019 12:08 am

तंदूर बने हिमाचल के मैदानी इलाके; आज भी पड़ेगी भीषण गर्मी की मार, कल से राहत

शिमला  – हिमाचल प्रदेश में सूरज की किरणें आग उगलने लगी हैं। तापमान में उछाल से राज्य के मैदानी हलके तंदूर की तरह तपने लगे हैं। बुधवार को हिमाचल ही नहीं , बल्कि देश भर में नालागढ़ सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड  किया गया। प्रदेश में भयंकर गर्मी का आलम यह था कि नालागढ़ का अधिकतम पारा दिल्ली, पटियाला, चेन्नई, अहमदाबाद से भी अधिक रिकार्ड किया गया। इसके अलावा राज्य के ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा व हमीरपुर में भीषण गर्मी ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। तापमान में उछाल से मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ों पर भी तपन बढ़ गई है। अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी से राज्य में रातें भी तप गई हैं। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में गुरुवार को भी सूरज आग उगलेगा। हालांकि राज्य में 10 से 14 मई तक मौसम खराब बना रहेगा। विभाग ने 10 व 11 मई को राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश, तूफान व ओलावृष्टि चेतावनी जारी की है, जो प्रचंड गर्मी से राहत लेकर आएंगे। हिमाचल के अधिकांश क्षेत्रों में बुधवार को मौसम साफ बना रहा और तेज धूप खिलने से राज्य के मैदानी इलाकों, खासकर ऊना, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर, सुंदरनगर में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। ऊना का अधिकतम तापमान फिर से 41.0 डिग्री तक पहुंच गया है। बिलासपुर का तापमान भी 37 डिग्री से पार हो गया है। इसके अलावा कांगडा, हमीरपुर व सुंदरनगर का तापमान 36 डिग्री से अधिक रिकार्ड किया गया है। नालागढ़ में पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया है, बुधवार को राज्य ही नहीं , बल्कि देश में भी सबसे ज्यादा रहा। प्रदेश के अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्र्री सेल्सियस का उछाल आया है। तापमान में उछाल आने से राज्य के मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ों पर भी गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है और राज्य में रातें भी तप गई हैं। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में गुरुवार को मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। राज्य में 10 व 11 मई को बारिश, तूफान व ओलावृष्टि होगी और 14 मई तक मौसम खराब बना रहेगा।

कहां, कितना तापमान

शहर  अधिकतम न्यूनतम

शिमला    26.4      17.7

सुंदरनगर  36.7      14.5

भुंतर       34.2       10.0

कल्पा     21.0      5.6

धर्मशाला  29.8      16.2

ऊना       41.0      17.5

सोलन     31.5       14.8

नाहन      35.8       21.6

केलांग     15.7       3.6

कांगड़ा    36.5      16.0

बिलासपुर 37.7       16.4

हमीरपुर   36.4      16.2

चंबा       35.5       11.6

डलहौजी  21.8       15.6


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App