नाहन में आज इतिहास लिखेंगे अमित शाह

By: May 12th, 2019 12:05 am

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, अटल विहारी वाजपेयी, चंद्रशेखर व वीपी सिंह भी कर चुके रैली को संबोधित

नाहन – नाहन का ऐतिहासिक चौगान मैदान रविवार को देश के वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद दूसरे सबसे मजबूत नेता अमित शाह की चुनावी रैली का इतिहास लिखेगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रविवार 12 मई को नाहन के चौगान मैदान में शिमला लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप के लिए वोट मागेंगे। अमित शाह की चुनावी रैली को लेकर तमाम तैयारियों को युद्ध स्तर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नाहन के विधायक डा. राजीव बिंदल अपनी टीम के साथ अंतिम रूप प्रदान करने में जुटे हैं। अमित शाह की यह रैली ऐतिहासिक मानी जा रही है। जिला सिरमौर के लोगों में भी अमित शाह की रैली को लेकर खासी चर्चा है। नाहन का ऐतिहासिक चौगान मैदान इससे पूर्व एक दर्जन से अधिक कांग्रेस और भाजपा के नेताओं के अलावा अन्य राजनैतिक दलों के राष्ट्रीय नेताओं का गवाह बन चुका है। इससे पूर्व वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों तत्त्कालीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वर्तमान केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह चौगान मैदान में जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। इससे पूर्व 1980 के दशक में तत्त्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने नाहन के चौगान मैदान में जनसभा को संबोधित किया था। इंदिरा गांधी के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल से पूर्व नाहन के चौगान मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित कर मैदान की शान बढ़ा चुके हैं। इसके अलावा देश के पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर भी नाहन चौगान में लोगों को संबोधित कर चुके हैं। यही नहीं पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह के अलावा भाजपा के पूर्व में राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे तथा वर्तमान भूत्तल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी भी नाहन के लोगों को चौगान मैदान से संबोधित कर चुके हैं। इसके अलावा पूर्व उपप्रधानमंत्री और पूर्व में गृहमंत्री रह चुके भाजपा के लोह पुरुष लाल कृष्ण आडवाणी, पूर्व उप-प्रधानमंत्री देवी लाल भी नाहन चौगान मैदान कीशान बढ़ा चुके हैं। यही नहीं केंद्रीय मंत्री रहे यशवंत सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंश शर्मा, भाजपा के पूर्व नेता एवं सिने स्टार शत्रुघ्न सिन्हा के अलावा लोक जनशक्ति पार्टी के पूर्व  राष्ट्रीय अध्यक्ष व वर्तमान में केंद्रीय मंत्री  रामविलास पासवान भी चौगान मैदान में अपना संबोधन कर चुके हैं। प्रदेश के नेताओं में पूर्व मंत्री और केंद्रीय मंत्री रह चुके शांत कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश सरकार के वर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अलावा राष्ट्रीय स्तर के नेता नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में चुनावी जनसभा के गवाह बन चुके हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App