व्यापार घाटा 11.7 प्रतिशत बढ़ा

By: May 16th, 2019 12:06 am

नई दिल्ली – कच्चे तेल और सोने का आयात बढ़ने से चालू वित्त वर्ष के पहले महीने में अप्रैल में वस्तु व्यापार के मद में होने वाला घाटा 11.7 प्रतिशत बढ़कर 15.33 अरब डालर पर पहुंच गया। पिछले साल अप्रैल में यह आंकड़ा 13.72 अरब डालर रहा था। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि अप्रैल में वस्तु आयात 41.40 अरब डालर रहा, जो अप्रैल 2018 की तुलना में 4.48 प्रतिशत अधिक है। पिछले साल अप्रैल में यह 39.63 अरब डालर रहा था। इस दौरान वस्तु निर्यात 25.91 अरब डालर से 0.64 प्रतिशत बढ़कर 26.07 अरब डालर पर पहुंच गया। इस प्रकार निर्यात की तुलना में आयात ज्यादा बढ़ने के कारण व्यापार घाटे में वृद्धि हुई है।  आलोच्य महीने में कच्चे तेल के आयात का बिल 10.41 अरब डालर से 9.26 प्रतिशत बढ़कर 11.38 अरब डालर पर पहुंच गया। सोने का आयात भी 53.99 प्रतिशत बढ़कर 397.23 करोड़ डालर पर पहुंच गया। अप्रैल 2018 में 257.95 करोड़ डालर का सोना आयात किया गया था। कच्चे तेल और सोने के अलावा अन्य वस्तुओं के आयात में कमी आई है। यह 26.63 अरब डालर से 2.19 फीसदी घटकर 26.05 अरब डालर रह गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App