धर्मशाला में पहली बार सजेगा जनमंच

By: Jun 6th, 2019 12:02 am

16 जून को वन मंत्री गोविंद व विधानसभा अध्यक्ष बिंदल संभालेंगे मोर्चा   

धर्मशाला   –रप्रदेश की दूसरी राजधानी धर्मशाला में पहली बार जनमंच सजने वाला है। 16 जून को होने वाले इस जनमंच में वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर मोर्चा संभालेंगे। विधानसभा उपचुनाव के चलते सरकार इसे विशेष बनाना चाहती है। जनसमस्याओं के बहाने प्रदेश सरकार व भाजपा धर्मशाला की जनता की नब्ज भी टटोलना चाहती है। जनमंच में किस तरह के मुद्दे निकल कर सामने आते हैं इन पर भी सरकार की नजर रहेगी। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से मंत्री होने के चलते पहले यहां जनमंच नहीं लगाया गया, लेकिन अब किशन कपूर के सांसद बनने के बाद सरकार ने यहां की जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए जनमंच करवाने का निर्णय किया है।  उपचुनाव के वहाने प्रदेश सरकार इन विधानसभा क्षेत्रों की समस्याओं सहित जनता की टोह भी लेगी। इसके अलावा प्रदेश सरकार ने सभी जिलों में अलग अलग मंत्रियों व अध्यक्ष-उपाध्यक्ष को जिम्मा सौंप दिया है। लोकसभा चुनावों के बाद जून माह का जनमंच 16 को होगा। इसके लिए सरकार ने योजना तैयार कर ली है। सीएम जयराम सरकार ने अपने इस कार्यक्रम को अधिक लोकप्रिय बनाने के लिए इसे निरंतर करने का निर्णय लिया है। हालांकि जनता के बीच जब अधिकारियों को जवाब देना मुश्किल होता है और इसे प्रभावी बनाने के लिए उन्हें मेहनत भी अधिक करनी पड़ती है, तो वह इसे टालना भी चाहते हैं। लेकिन यह कार्यक्रम लोकसभा चुनावों के ठीक बाद भी सरकार ने पूर्व की तरह ही बिना देरी किए करने का निर्णय लिया है। इस बार सीएम जयराम सरकार ने धर्मशाला, पच्छाद और मंडी पर विशेष रूप से फोकस किया है, जिससे दो स्थानों पर होने वाले उपचुनाव के अलावा मंडी में लोकसभा चुनावों के दौरान हुए घटनाक्रम को भी ध्यान में रखा गया है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App