एक नजर

By: Jul 31st, 2019 12:01 am

पेरू में बस खाई में गिरी, 19 सवार शिकार

लीमा। दक्षिण अमरीकी देश पेरू के कैंटा प्रांत में एक मिनी बस के खाई में गिरने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। पेरू की राजमार्ग पुलिस के प्रमुख जार्ज कैस्टिलो ने बताया कि यह हादसा राजधानी लीमा की ओर जा रहे राजमार्ग पर हुआ। मिनी बस का नियंत्रण खो गया और वह गहरी खाई में गिर गई। हादसे के समय मिनी बस में 27 यात्री सवार थे। आठ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अफगानिस्तान में दो अमरीकी सैनिकों की मौत

वाशिंगटन। अफगानिस्तान में दो अमरीकी सैनिक मारे गए। उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के आपरेशन रिजोल्यूट सपोर्ट मिशन ने एक वक्तव्य जारी कर यह जानकारी दी। वक्तव्य के मुताबिक कई रिपोर्टों में इस बात का दावा किया है कि सैनिकों की मौत के बीच आंतरिक कारण है। अमरीकी सेंट्रल कमान से इस संबंध में विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया है।

अमरीकी हवाई अड्डे पर मिसाइल लांचर मिला

वाशिंगटन। अमरीका में वाशिंगटन अंतरराष्ट्रीय  हवाई अड्डे पर जांच के दौरान एक व्यक्ति के थैले से मिसाइल लांचर बरामद किया। हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि नियमित जांच के  दौरान एक व्यक्ति के थेले में मिसाइल लांचर पाया गया। थैले के मालिक ने पूछताछ में अपने को सैन्यकर्मी बताया और कहा कि वह कुवैत से अपने घर जा रहा था और मिसाइल लांचर को यादगार के लिए रखना चाहता था। उन्होंने बताया  कि इत्तेफाक से मिसाइल लांचर डिवाइस सक्रिय नहीं था और इसे अग्निशमन विभाग को सौंप दिया गया। बाद में उस व्यक्ति को अपनी उड़ान भरने की अनुमति दे दी  गई।

जापान में लू ने ली 11 लोगों की जान

टोक्यो। जापान में पिछले एक सप्ताह के भीतर भयंकर गर्मी से लू लगने के कारण 11 लोगों की मौत हो गई और 5664 लोग अस्पताल में भर्ती हुए हैं। जापान के अग्निशामन एंव आपदा एजेंसी ने मंगलवार को बताया कि कि 22 से 28 जुलाई के बीच अधिकतम पारा 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिसके कारण कई लोग बीमार पड़ गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। जून और जुलाई के महीने में गर्मी ने पिछले 30 वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया है।

चीन में भारी बारिश छह लोग लापता

चेंगदु। दक्षिण-पश्चिम चीन के गानलुओ प्रांत में भारी बारिश के कारण छह लोग लापता हो गए। स्थानीय प्रशासन ने मंगलवार को यह जानकारी दी। गानलुओ प्रांत में रविवार सुबह नौ बजे से मूसलाधार बारिश हुई, जिससे बाढ़ आ गई और भू-स्खलन हो गया। भू-स्खलन के कारण सड़कों पर आवाजाही और बिजली आपूर्ति बंद हो गई।

जापान के हचीजोजिमा द्वीप में भूकंप के झटके

टोक्यो। जापान में टोक्यो प्रांत के हचीजोजिमा द्वीप के पूर्वी तट पर मंगलवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.0 मापी गई। जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार भूकंप के यह झटके स्थानीय समयानुसार सुबह करीब पांच बजकर 37 मिनट पर महसूस किए गए। भूकंप के कारण सुनामी संबंधी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

चिली में सड़क हादसा छह लोगों की मौत

सेंटियागो। चिली के ओ’ हिगिंस क्षेत्र के राजमार्ग में डबलडेकर बस के पलट जाने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक घायल हो गए। क्षेत्रीय प्रबंधक मैनुअल मैसफरर ने बताया कि ओ’हिगिंगस क्षेत्र में डबलडेकर बस पलट गई। दुर्घटना में 40 से अधिक लोगों के घायल हो गए और जिन्हें ओ’ हिगिंस क्षेत्र में अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया गया है। घायलों में से छह की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका रंकागुआ के अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App