तीन गुटों में बंटा कर्मचारी महासंघ

By: Jul 12th, 2019 12:01 am

एनआर; अश्वनी ने बनाई टीम, अब विनोद कुमार गुट के चुनाव

शिमला – हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ तीन गुटों में बंट गया है। हालांकि पूर्व में दो गुटों के बीच महासंघ की सरदारी के लिए जंग चलती थी, लेकिन इस बार तीन गुटों में लड़ाई शुरू हो चुकी है। हाल ही में एनआर ठाकुर और अश्वनी ठाकुर ने अलग-अलग चुनाव करवाए। दोनों गुट खुद को सरकार से मान्यता प्राप्त बताने से कोई गुरेज नहीं कर रहे हैं। ऐसे में अब 21 जुलाई को विनोद कुमार गुट चुनाव करवाने जा रहा है। हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की सरदारी को लेकर कर्मचारी नेताओं में चल रही आपसी गुटबाजी पर मुख्यमंत्री कार्यालय भी पूरी नजर बनाए हुए है। जिस तरह से महासंघ की राज्य कार्यकारणी के तीनों समांतर गुटों ने अलग-अलग चुनाव करवाने से प्रदेश में कर्मचारी राजनीति गरमा गई है, तीन-तीन खेमों के महासंघ की सरदारी को लेकर सक्रीय होने से प्रदेश के कर्मचारियों में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर स्वयं इससे भलीभांति परिचित हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार भी इस मामले में हस्तक्षेप कर सकती है, ताकि सभी एकजुट होकर चलें।

किसके साथ चलें, असमंजस में कर्मचारी

अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के साथ लाखों कर्मचारी जुड़े हैं। ऐसे में उनमें असमंजस की स्थिति है कि वह किस गुट के साथ चलें और किसके साथ न चलें। समांतर गुटों के नेता जिला स्तर पर भी अलग-अलग चुनाव करवा चुके हैं। ऐसे में प्रदेश के साथ जिला कार्यकारणी में भी तालमेल बिठाना सरदारी की दौड़ में शामिल नेताओं को आसान नहीं होगा। कर्मचारियों की आपसी गुटबाजी के कारण ही कर्मचारियों की मांगे ठंडे बस्ते में पड़ी है व सरकार को बने डेढ़ साल हो चुके हैं, अभी तक कर्मी नेताओं के एकजुट न होने से जेसीसी की बैठक भी नहीं हो पाई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App