दिल्ली की हां पर मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल

By: Jul 5th, 2019 12:15 am

केंद्रीय हाईकमान से चर्चा करेंगे जयराम ठाकुर, मंत्रियों के डिपार्टमेंट बदलने के मूड में सीएम

शिमला – हिमाचल मंत्रिमंडल में प्रस्तावित फेरबदल और विस्तार के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दोबारा केंद्रीय हाईकमान से चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री अपने दिग्गज मंत्रियों के विभागों को बदलने के मूड में हैं। इसके लिए उन्होंने डेढ़ साल के रिपोर्ट कार्ड को आधार बनाया है। इससे पहले इक्का-दुक्का मंत्रियों के ही विभागों को बदलने का प्लान था। चूंकि अब खाद्य मंत्री किशन कपूर और अनिल शर्मा के त्यागपत्र के बाद ऊर्जा जैसे महत्त्वपूर्ण विभाग खाली हुए हैं। इस कारण मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल को पूरी तरह फैंटने के मूड में हैं। इसके चलते मुख्यमंत्री अगले सप्ताह दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार पर गहन चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री अगले सप्ताह दिल्ली में प्रस्तावित इन्वेस्टर्स मीट में हिस्सा लेने जा रहे हैं। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह से भेंट कर सकते हैं। इसके अलावा भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा दूसरे केंद्रीय नेताओं से हिमाचल के मुद्दों पर चर्चा संभव है। जाहिर है कि मौजूदा मंत्रिमंडल में परफार्मेंस के आधार पर जयराम के कई वजीर अनफिट बैठ रहे हैं। फिलहाल मुख्यमंत्री किसी भी मिनिस्टर को ड्रॉप करने के मूड में नहीं हैं। मंत्रिमंडल में खाली हुए दो पदों को भरना ही मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में शामिल है। मंत्रिमंडल विस्तार से बड़ा मसला फेरबदल का है। इस कारण मुख्यमंत्री एक बार फिर केंद्रीय हाईकमान से चर्चा के बाद इसकी पटकथा लिखेंगे।

इनके नाम चर्चा में

कैबिनेट में जगह बनाने के लिए नूरपूर के विधायक राकेश पठानिया का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। तीसरी बार विधायक बने राकेश पठानिया वरिष्ठता तथा अनुभव में सबका ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। योजना बोर्ड के वाइस चेयरमैन रमेश धवाला भी अपना दावा पेश कर रहे हैं। भटियात से दूसरी बार निर्वाचित बिक्रम जरयाल तथा चीफ व्हिप नरेंद्र बरागटा भी लॉबिंग कर रहे हैं।

ये भी जता रहे दावेदारी

दूसरा पद मंडी जिला से खाली हुआ है। हालांकि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि अनिल शर्मा की जगह किसी भी जिला से मंत्री बन सकता है। बावजूद इसके मंडी जिला से मुख्यमंत्री के बेहद करीबी सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल का नाम मंत्री पद के लिए चर्चा में है। इसके अलावा वरिष्ठता के आधार पर कर्नल इंद्र सिंह भी दावेदारों में शामिल हैं। विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल भी कैबिनेट में शामिल होने के लिए अपने सियासी गणित बिठाने में जुटे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App