नाहन में अवैध कब्जों पर फिर चला डंडा

By: Jul 18th, 2019 12:10 am

नाहन—प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा नाहन शहर में अवैध कब्जों व अवैध निर्माण को लेकर नगर परिषद नाहन व जिला प्रशासन पर चलाए गए चाबुक के बाद नगर परिषद ने अतिक्रमणकारियों पर मंगलवार को दूसरा चरण आरंभ कर दिया। इस कड़ी में नगर परिषद ने फिलहाल चिन्हित अतिक्रमणकारियों पर डंडा चलाते हुए बिजली के कनेक्शन काटने शुरू कर दिए हैं। शहर में चार जुलाई को 21 अवैध कब्जों पर जेसीबी चलाई जाने के बाद प्रदेश उच्च न्यायालय ने एक बार नगर परिषद नाहन व जिला प्रशासन को कड़े निर्देश जारी किए थे कि नाहन शहर से सभी अवैध कब्जों को 30 सितंबर तक हटाया जाए। ऐसे में नगर परिषद अब द्वितीय चरण में पुनः हरकत में आ गई है। शहर में जिन अवैध कब्जाधारियों को चिन्हित कर नोटिस जारी किए गए हैं उनके बिजली के कनेक्शन काटने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। मंगलवार को नाहन नगर परिषद के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मिलकर शहर में अभियान चलाया तथा पहले दिन करीब डेढ़ दर्जन अतिक्रमणकारियों के बिजली के कनेक्शन काट दिए गए हैं। इस दौरान शहर में पूर्ण रूप से शांतिव्यवस्था बनी रहे इसको लेकर बकायदा पुलिस को भी सूचित किया गया था। मंगलवार को बिजली के कनेक्शन काटे जाने के दौरान शहर में किसी भी अतिक्रमणकारी ने विरोध दर्ज नहीं किया। गौर हो कि नाहन शहर में अवैध कब्जों व अवैध निर्माण को लेकर नगर परिषद नाहन को प्रदेश उच्च न्यायालय ने कड़ी फटकार लगाई थी। इस मामले में चार अगस्त को नाहन शहर में भारी पुलिस बल के बीच जिला प्रशासन व नगर परिषद ने 21 अवैध कब्जों को तोड़ दिया था। पांच अगस्त को पुनः प्रदेश उच्च न्यायालय में सुनवाई थी, जिसमें उच्च न्यायालय ने जिला प्रशासन व नगरपालिका परिषद नाहन को कड़े निर्देश जारी किए थे कि सभी अवैध कब्जों को शहर से हटाया जाए तथा इसकी रिपोर्ट 30 सितंबर तक प्रदेश उच्च न्यायालय को दी जाए। न्यायालय ने आदेश में यह भी स्पष्ट कहा था कि अवैध कब्जों को हटाए जाने के सिलसिले में पहले गरीब लोगों के नहीं बल्कि अमीर लोगों के कब्जे हटाए जाएं। नगर परिषद ने प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश के बाद प्रथम चरण में शहर में 68 अवैध कब्जे चिन्हित कर कब्जाधारियों को नोटिस जारी किए थे। अब दूसरे चरण में इन कब्जाधारियों के बिजली के कनेक्शन काटने शुरू कर दिए गए हैं। मंगलवार को नगरपालिका परिषद के अधिकारियों व विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों ने शहर में करीब 18 से 20 अवैध कब्जाधारियों के बिजली के कनेक्शन काट दिए। अभी करीब पांच दर्जन ओर कब्जाधारियों के कनेक्शन काटे जाने हैं। यही नहीं जो अतिक्रमणकारी शेष बचे हैं उनके अवैध कब्जों पर जेसीबी भी चलाई जानी है तथा शहर भर के सभी अवैध कब्जों को 30 सितंबर तक हटाया जाना है।                


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App