मंडी में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़

By: Jul 7th, 2019 12:15 am

निजी होटल में चल रहा था वेश्यावृत्ति का गोरखधंधा

मंडी —कुल्लू-मनाली और शिमला जैसे प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों में सेक्स रैकेट के मामले सामने आने के बाद अब मंडी शहर में यह गोरखधंधा चल रहा है। पुलिस ने मंडी शहर के पास एक सेक्स रैकट का भंडाफोड़ किया है। मामले में एक निजी होटल संचालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक 21 साल की युवती और 35 साल की महिला को रेस्क्यू किया गया है। मामले का पटाक्षेप शुक्रवार देर रात हुआ। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि चडियारा के एक निजी होटल में वेश्यावृत्ति का गोरखधंधा चलता है। इसके बाद डीएसपी अनिल पटियाल की अगवाई में टीम गठित की गई। इसमें स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट व महिला थाना से भी  कर्मचारियों को शामिल किया गया। टीम ने दो कांस्टेबल को फर्जी ग्राहक बनाकर होटल भेजा। इसके बाद सारे मामले का पटाक्षेप हुआ। जिस्मफरोशी के धंधे से रेस्क्यू की गई एक युवती हरियाणा तो दूसरी महिला दिल्ली की रहने वाली बताई जा रही है। हालांकि पुलिस दोनों के पते वेरिफाई करने का काम कर रही है। शनिवार शाम रेस्क्यू की गई युवती व महिला को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट होटल संचालक को आठ जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच महिला पुलिस थाना प्रभारी रीता शर्मा कर रही हैं। उधर, एएसपी मंडी पुनीत रघु ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि होटल संचालक के खिलाफ जिस्मफरोशी के धंधे में महिलाओं को धकेलने का मामला दर्ज किया गया है। छानबीन की जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि यह सब कितने समय से यह सब चल रहा था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App