हरियाणा में अपराध पर अंकुश

By: Jul 23rd, 2019 12:02 am

पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने दी जानकारी,  2018 के मुकाबले 2019 में कम दर्ज हुए केस

पंचकूला -हरियाणा में अपराध पर अंकुश लगाने में पुलिस प्रशासन सफल रहा है। अपराधियों पर की गई सख्ती के कारण 2019 के प्रथम छह माह के दौरान विगत वर्ष इसी अवधि की तुलना में अपराध की औसत संख्या में 7.88 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। जहां अपहरण की वारदात 25 फीसदी कम रही है वहीं हत्या के प्रयास के मामलों को भी नियंत्रित किया गया है। हरियाणा पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि जनवरी से जून 2019 के बीच हत्या का प्रयास, अपहरण, डकैती, हमला, मारपीट, दंगे, चोरी व सड़क दुर्घटना आदि की घटनाओं के कुल 23834 मामले दर्ज किए गए, जबकि 2018 में इसी अवधि के दौरान 25874 मामले सामने आए थे। उन्होंने कहा कि तुलनात्मक आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष प्रथम छह माह में हत्या के प्रयास के मामलों की संख्या पिछले वर्ष के 454 से कम होकर 448 दर्ज की गईए जबकि अपहरण के मामलों की संख्या 2648 से घटकर 1968 रह गई है। इसके अतिरिक्त, दंगों और हमले जैसे अपराध में भी 5.31 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। 2019 के प्रथम छह माह के दौरान दर्ज 2582 मामलों की तुलना में विगत वर्ष जून 2018 तक 2727 मामले दर्ज किए गए। इसी प्रकार, स्नैचिंग के मामलों में भी भारी गिरावट आई है जिनकी संख्या गत वर्ष के 1283 से घटकर 1038 रह गई। इस साल जून तक डकैती के 76 मामले सामने आए, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 87 रही।

सड़क दुर्घटना में आई कमी

इसके अतिरिक्त, इस वर्ष प्रथम छह माह में सड़क दुर्घटना के मामलों में 358 मामलों की गिरावट दर्ज की गई है। विगत वर्ष दर्ज 6132 मामलों की तुलना में इस साल जून 2019 तक सड़क दुर्घटनाओं के कुल 5774 मामले दर्ज हुए हैं। वाहन चोरी के मामलों की संख्या 2019 में पिछले साल के 8635 मामलों से घटकर 8553 रह गई।

लापरवाही के कारण मृत्यु दर कम

डीजीपी ने पुलिस प्रबंधो पर संतोष जताते हुए कहा कि धारा 304 ए; लापरवाही के कारण मृत्यु के तहत, इस साल जून तक 104 मामले दर्ज किए, गए, जबकि गत वर्ष 119 मामले दर्ज हुए। इसी अवधि में सरकारी कर्मचारियों पर हमले के मामलों में भी कमी आई है, जो 495 से घटकर 376 रह गए। साथ ही साधारण चोरी के मामले भी 366 की कमी देखी गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App