छह जिलों में भारी बारिश के आसार

By: Jul 18th, 2019 12:15 am

मौसम विभाग का पूर्वानुमान, 23 जुलाई तक जारी रहेगा झमाझम का दौर

शिमला – हिमाचल प्रदेश में 23 जुलाई तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होगी। मौसम विभाग की मानें तो अगामी एक सप्ताह के दौरान राज्य के शिमला, कुल्लू, सोलन, सिरमौर, चंबा और डलहौजी में बारिश कहर बरपा सकती है। जबकि राज्य के मैदानी व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी अधिकतर क्षेत्रों में बारिश होगी। बुधवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहा। इस दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की बारिश हुई है। बारिश होने से राज्य के कई क्षेत्रों के अधिकतम तापमान में फिर से गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से तीन  डिग्री की गिरावट रिकार्ड की गई है। राज्य कल्पा, बिलासपुर, हमीरपुर, डलहौजी व केलांग के अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। हमीरपुर के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक तीन डिग्री की गिरावट आई है।  बिलासपुर व डलहौजी के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकार्ड की गई है।  इसके अलावा शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में उछाल आया है। सोलन व सुंदरनगर के तापमान में पांच डिग्री का उछाल आया है। राज्य में बीते 24 घटों के दौरान सुजानपुर टीहरा में सबसे अधिक बारिश आंकी गई है। सुजानपुर टीहरा में सबसे अधिक 62 मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं, घुमारवी में 59, शिमला में 37, सरकाघाट में 28, हमीरपुर में 19 और मशोबरा में 12.0 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। बारिश से न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आई है। राज्य में न्यूनतम तापमान  सामान्य बना हुआ है।  मौसम विभाग के निदेशक डा.मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में 23 जुलाई तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर बारिश होगी।

तापमान पर नजर

शहर अधिकतम     न्यूनतम

शिमला    19.9       15.2

सुंदरनगर  30.1       21.5

भुंतर       29.4       19.0

कल्पा     18.5       12.1

धर्मशाला   28.8       17.8

ऊना       33.2       23.7

सोलन     27.0       18.6

नाहन      26.0       15.3

केलांग     16.9       10.1

कांगड़ा    29.9       22.2

बिलासपुर 25.0       21.3

हमीरपुर    24.8       21.4

चंबा       30.1       19.9

डलहौजी  16.5       14.4


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App