भाजपा के खिलाफ नारेबाजी

By: Jul 20th, 2019 12:06 am

उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव को गिरफ्तार करने पर भड़के कार्यकर्ता

नूरपुर –नूरपुर में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल चंबियाल तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव मनोज पठानिया की अगवाई में राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को यूपी सरकार द्वारा जबरन हिरासत में लेने के विरोध में मिनी सचिवालय नूरपुर के प्रांगण में भाजपा सरकार के खिलाफ  जोरदार नारेबाजी की।  इसके बाद एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को उत्तर प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने व प्रियंका गांधी को तुरंत रिहा करने की मांग की।  एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में दिनदहाड़े गुंडों द्वारा आदिवासी ग्रामीणों पर नाजायज जमीन कब्जाने के लिए की गई गोलीबारी में दस ग्रामीणों की हत्या व 24 लोगों के घायल होने की घटना के बाद जब राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी संवेदना प्रकट करने के लिए उनसे मिलने जा रही थी, तो बीच रास्ते में मिर्जापुर में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा उनको जबरन हिरासत में ले लिया गया जो कि लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से प्रधानमंत्री से मांग की है कि उत्तर प्रदेश सरकार को तुरंत बर्खास्त किया जाए तथा प्रियंका गांधी को रिहा किया जाए।  इस अवसर पर उनके साथ जिला परिषद सदस्य सुनील कुमार, याकूब खान, अनु राणा, सुदर्शन शर्मा व जगदेव सिंह सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App