कसोल में फटा बादल घर छोड़ भागे लोग

By: Aug 10th, 2019 12:38 am

कटागला गांव में मच गई अफरा-तफरी मकानों में घुसा पानी

कुल्लू – मणिकर्ण घाटी की कसोल पंचायत के कटागला गांव में एक बार फिर आई बाढ़ ने 200 लोगों को दहशत में डाल दिया है। शुक्रवार सुबह पांच बजे घाटी में भारी बारिश हुई, जिससे कटागला नाले में बाढ़ आई और कई घरों में पानी भी घुस गया। नाले में आई बाढ़ की आवाज सुनकर गांव के लोग खुद को बचाने के लिए घर छोड़कर पहाड़ी की तरफ भाग निकले। बताया जा रहा है कि पांच घंटे तक लोगों ने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित जगह शरण ली। ग्रामीणों के अनुसार पिछले वर्ष भी यहां बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। इस बार भी लोग सहमे हुए हैं। हालांकि शुक्रवार को आई बाढ़ में वन विभाग द्वारा दी गई क्रेटवाल बाढ़ की भेंट चढ़ गई है। कुछेक  घरों में पानी घुस गया है। राजस्व विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। कटागला के ग्रामीण श्याम राखा, राजा, वेद राम, कुलदीप, नौमी राम, अर्जुन, राकेश, गोविंद, विनोद, हीरा लाल, अरुण का कहना है कि शुक्रवार सुबह पांच बजे इस इलाके में झमाझम बारिश हुई और कटागला नाले में बाढ़ आई और काफी अफरा-तफरी मच गई। आईपीएच विभाग की पाइपें और प्राकृतिक बावड़ी भी बाढ़ की भेंट चढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले साल आई बाढ़ से यहां नक्शा बदला गया है। हालांकि गांव बचाने के लिए एक मशीनरी लगाकर नाले का रुख बदल दिया था और वन विभाग ने क्रेटवाल भी लगाई थी, लेकिन शुक्रवार सुबह फिर आई बाढ़ की भेंट क्रेटवाल चढ़ गई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का समाधान करने के लिए कोई विकल्प ढूंढा जाए, ताकि तबाही होने से गांव बच सके। वहीं, काईस नाले में भी पानी का जलस्तर बढ़ा और पानी सड़क से होकर बह गया, जिससे पैदल चलने वाले लोग काफी देर तक मार्ग आर-पार नहीं कर पाए।  एसपी गौरव सिंह ने बताया कि कटागला में आई बाढ़ से जानमाल को कोई नुकसान नहीं हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App