कांग्रेस का डिजिटल साथी कैंपेन शुरू

By: Aug 30th, 2019 12:01 am

व्हाट्सऐप से जुड़ कोई भी उठा सकता है जनहित के मुद्दे

शिमला- हिमाचल कांग्रेस ने गुरुवार को डिजिटल साथी कैंपेन शुरू किया। इसके तहत व्हाट्सऐप नंबर 7814239768 पर कोई भी व्यक्ति जनहित के मुद्दों को उठाकर कांग्रेस पार्टी के इस डिजिटल साथी में सहभागी बन सकता है। प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में इस अभियान की विधिवत शुरुआत करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि आज देश में ज्वलंत मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश में कुछ लोग व पार्टियां कांग्रेस के खिलाफ दुष्प्रचार में लगी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि पहले चरण में इसमें पार्टी के पांच हजार कार्यकर्ता जोड़े जाएंगे। इस गु्रप में आम लोग भी जुड़ सकते हैं, जो पार्टी की विचारधारा रखते हों। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जनहित में आवाज, प्रदेश हित में कुछ कर दिखाएं बनिए हिमाचल कांग्रेस डिजिटल साथी के नाम से पार्टी का यह एक कारगर अभियान साबित होगा। उन्होंने इस अभियान के लिए प्रदेश कांग्रेस आईटी सेल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक युग में अपनी या किसी भी समस्या को सोशल मीडिया के द्वारा आगे रखने का एक सशक्त माध्यम है। कांग्रेस आईटी सेल के प्रभारी अभिषेक राणा ने कहा कि यह अभियान कारगर सिद्ध होगा। इसमें अधिक से अधिक युवाओं व महिलाओं को जोड़ा जाएगा, जो इसके माध्यम से पार्टी की विचारधारा व कांग्रेस सरकार के माध्यम से किए गए विकास कार्यों को सोशल मीडिया द्वारा प्रचारित करेंगे। इसमें पार्टी की नीतियों और जनहित के कार्यों से भी लोगों को अवगत करवाया जाएगा। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक जोहेब शेख मुख्य तौर पर आए थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App