चालान पर पुलिस कर्मी से उलझीं महिलाएं

By: Aug 6th, 2019 12:15 am

गगरेट मेें पेश आया वाकया, मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी खाकी

गगरेट –यातायात नियमों की अवहेलना करने पर यातायात पुलिस ने पंजाब से आ रहे एक वाहन को क्या रोका कि वाहन में सवार महिलाओं ने बवाल खड़ा कर दिया। कार सवार महिलाएं न सिर्फ यातायात पुलिस से उलझ गईं बल्कि यातायात पुलिस की कार्रवाई को बाधित करने के लिए मोबाइल रिकार्डिंग भी करने लगीं। हालांकि यातायात पुलिस ने न सिर्फ उक्त वाहन का चालान भी किया बल्कि पुलिस कार्यप्रणाली बाधित करने के लिए उनकी रपट भी दर्ज कर ली है। सोमवार को यातायात पुलिस के हैड कांस्टेबल विजय कुमार गगरेट कस्बे में ही यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों के  चालान काट रहे थे। इसी बीच होशियारपुर की ओर से एक कार तेज गति से आती दिखाई दी। कार पर अनाधिकृत तरीके से लैग राड भी लगाई गई थी। कार को रोक कर जब चालक को कागजात दिखाने को कहा तो चालक व कार सवार महिलाएं उनसे उलझ गईं। महिलाएं इतने आवेश में आ गईं कि वे हैड कांस्टेबल का गला तक पकड़ने का प्रयास करने लगीं। उन्हें ऐसा करते देख एक स्थानीय महिला ने भी रोका लेकिन वे किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थीं। इसी बीच एक महिला ने अपना मोबाइल फोन निकाला और यातायात पुलिस कर्मी की कार्रवाई को रिकार्ड करने लगी। अनाधिकृत तरीके से लैग राड का प्रयोग करने व पुलिस से दुर्व्यवहार करने पर पुलिस ने उसका चालान काट दिया और पुलिस कार्रवाई को बाधित करने के लिए उनके विरुद्ध गगरेट पुलिस थाना में रपट भी दर्ज कर ली। डीएसपी मनोज जम्वाल ने इसकी पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App