पठानकोट में गूंजा ‘जरा याद करो कुर्बानी’

By: Aug 13th, 2019 12:02 am

पठानकोट – साहित्य संवाद यूथ विंग पठानकोट की ओर से देश के नाम कार्यक्रम का आयोजन अध्यक्ष डा. मनु शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में आदर्श भारतीय महाविद्यालय के रजिस्ट्रार डा. विनोद डोगरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए, जबकि डीन सांस्कृतिक विभाग डा. सुखविंदर सिंह विशेष रूप से उपस्थित हुए। अध्यक्ष डा. मनु शर्मा, उपाध्यक्ष रमन गुप्ता, महासचिव मुनीश शर्मा व साहित्य संवाद यूथ विंग के सदस्यों ने अतिथियों का अभिनंदन किया। तत्पश्चात भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत रूप से कार्यक्रम का आगाज किया गया। साहित्य संवाद के सदस्यों सुनैना, कंचन, सिमर, जयंती, हिना प कंचन ने समूह गीत  ‘हर कर्म अपना करेंगे ए वतन तेरे लिए, दिल दिया है जान भी देंगे ए वतन तेरे लिए’ पेश कर कार्यक्रम की शुरुआत की। तत्पश्चात मुस्कान ने अपनी सुरमई आवाज में गीत ‘यह मंदिरों का देश है, यह मस्जिदों की सरजमी, मेरा वतन खुदा का घर मेरे वतन में क्या नहीं’ पेश कर खूब तालियां बटोरी। सुनैना ने गीत ‘छोड़ो कल की बातें, कल की बात पुरानी नए दौर में लिखेंगे हम मिलकर नई कहानी’ पेश किया, जबकि रजनीश ने गीत ‘ऐ मेरे वतन के लोगों जरा आंख में भर लो पानी, जो शहीद हुए हैं उनकी जरा याद करो कुर्बानी’ पेश किया, तो सब मंत्रमुग्ध हो गए। अध्यक्ष डा. मनु शर्मा ने कहा कि साहित्य संवाद यूथ विंग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए दृढ़ संकल्प है, पर हमें अपने शहीदों की कुर्बानियों को कभी भी नहीं भूलाना चाहिए। विशिष्ट अतिथि डा1 सुखविंदर सिंह ने साहित्य समाज द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की। मुख्य अतिथि डा. विनोद डोगरा ने कहा कि शहीद राष्ट्र की अमानत होते हैं, शहीदों की कुर्बानियों की बदौलत ही आज हम स्वतंत्र फिजा में सांस ले रहे हैं। इस अवसर पर मुस्कान, जयंती, हिना, नंदिनी, कंचन, सुनैना, सिमर, रजनीश, निताशा, प्रो. आलोक तुली,  मनोज व तरुण उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App