पी चिदंबरम की गिरफ्तारी के खिलाफ विपक्ष का वाकआउट

By: Aug 23rd, 2019 12:15 am

शिमला – पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को विपक्ष ने वाकआउट कर दिया। मानसून सत्र के चौथे दिन प्रश्नकाल समाप्त होते ही विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने प्वाइंट ऑफ आर्डर के तहत पी चिदंबरम की गिरफ्तारी का मामला सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि आधी रात को चिदंबरम की गिरफ्तारी कर लोकतंत्र की हत्या की गई है। इस पर विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि इस मामले को लेकर विपक्ष की तरफ से किसी तरह का नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। इस पर कोई बात नहीं होगी। इस पर विपक्ष भड़क गया और पीएम मोदी व अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान सत्तापक्ष की तरफ से भी जोरदार जवाबी नारेबाजी करते हुए भाजपा विधायकों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की। दोनों तरफ से हंगामापूर्ण स्थिति बनने के बीच कांग्रेस के विधायक नारे लगाते हुए सदन से बाहर चले गए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष के इस रवैये को निंदनीय करार दते हुए कहा कि इससे न्यायपालिका का भी अपमान हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पी चिदंबरम से जुड़ा भ्रष्टाचार का मामला बेहद गंभीर है। मोदी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में पूर्व केंद्रीय मंत्री के खिलाफ सीबीआई ने कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री ने इस केस में कोर्ट से पारित आदेशों का हवाला देते हुए कहा कि इस केस में अदालत के आदेशों की पालना हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पी चिदंबरम का केस हिमाचल सरकार से जुड़ा मुद्दा नहीं है। इसके चलते इस मसले पर विपक्ष का वाकआउट समझ से परे है। पूर्व केंद्रीय मंत्री के खिलाफ एक साल से जांच का यह मामला चल रहा है। इसके चलते उनको जांच में सहयोग करना चाहिए और कानून को अपना काम करने देना चाहिए। सदन से बाहर निकले विपक्ष ने तीखे तेवर दिखाते हुए पी चिदंबरम की गिरफ्तारी को मोदी सरकार की तानाशाही करार दिया। हअग्निहोत्री ने बताया कि देश में अघोषित आपातकाल है। चिदंबरम सरकार की जांच एजेंसियों के साथ पूरी तरह सहयोग कर रहे थे, लेकिन सरकार प्रायोजित गुंडागर्दी के चलते कांग्रेस के इतने बड़े नेता को गिरफ्तार किया, जोकि गलत है। कांग्रेस इसके खिलाफ आंदोलन छेड़ेगी। हालांकि 20 मिनट के बाद कांग्रेस के विधायक वापस सदन में लौट आए और शाम तक चली कार्यवाही में हिस्सा लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App