पूर्व सीएम चामलिंग के 10 विधायक भाजपा में

By: Aug 14th, 2019 12:06 am

सिक्किम में बड़ा राजनीतिक उलटफेर

नई दिल्ली – सिक्किम में भाजपा को एक बड़ी कामयाबी मिली है। वहां सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के 10 विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग समेत पांच विधायकों को छोड़कर सभी विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) के 10 विधायक भाजपा कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा महासचिव राम माधव की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए। इस साल मई में हुए चुनाव में 32 विधानसभा सीटों में 15 पर एसडीएफ ने जीत हासिल की थी और 15 सीटों पर सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा ने जीत हासिल की थी। इस जीत के बाद प्रेम तमांग ने मुख्यमंत्री का पदभार संभाला था। सिक्किम में पिछले 25 साल से एसडीएफ की सत्ता थी, लेकिन इस साल मई में हुए चुनाव में पवन चामलिंग की सरकार को हार का सामना करना पड़ा था। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा ने हाल ही के सिक्किम विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी और उन्होंने 27 मई को मुख्यमंत्री की कमान संभाली थी। हालांकि, वह चुनाव नहीं लड़ सकते, क्योंकि उन्हें भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी ठहराया गया था और उन्हें चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य करार दिया गया था। उन्हें अपने पद बने रहने के लिए मुख्यमंत्री बनने के छह महीने के अंदर विधानसभा चुनाव लड़ना होगा। तमांग ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर चुनाव लड़ने के लिए उनकी अयोग्यता माफ करने के लिए जन प्रतिनिधित्व कानून धारा 11 का इस्तेमाल करने का अनुरोध किया है। चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि इस मामले पर विचार चल रहा है, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App