प्रदेश भर में बारिश से 309 करोड़ की चपत

By: Aug 6th, 2019 12:01 am

शिमला – हिमाचल प्रदेश में बारिश कहर बन कर बरस रही है। बारिश से राज्य को अब तक 309 करोड़ की चपत लग चुकी है। अभी भी राज्य में बारिश का क्रम जारी है। ऐसे में ये आंकडे़ और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। राज्य में बारिश से अब तक 309 करोड़ 67 लाख का नुकसान हो चुका है। बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान लोक निर्माण विभाग को हुआ है। लोक निर्माण विभाग को 183 करोड़ 54 लाख रुपए की चपत लगी है। इसके अलावा आईपीएच विभाग को बारिश से 118 करोड़ का नुकसान हुआ है। राज्य में अभी भी 49 सडकें अवरुद्ध पड़ी हुई हैं। सबसे ज्यादा सड़कें मंडी जोन में बाधित चल रही हैं। मंडी में 19 सड़कें अवरुद्ध हैं। इसके अलावा शिमला में 14, हमीरपुर में पांच और कांगड़ा में 11 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। विभाग का दावा है कि राज्य में अवरुद्ध चल रहे मार्गों में से 24 मार्ग जल्द बहाल हो जाएंगे।

आईपीएच की 2822 योजनाएं प्रभावित

राज्य में भारी बारिश होने के चलते 2822 पेयजल योजनाएं प्रभावित चल रही हैं। सबसे ज्यादा सिरमौर में 234 स्कीम्स लैैंड स्लाइड व गाद आने से प्रभावित हुई हैं।

शिमला व कांगड़ा में मकानों को नुकसान

भारी बारिश से शिमला व कांगड़ा में एक-एक पक्के मकान को आंशिक नुकसान पहुंचा है। कांगड़ा में दो दुकानों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, जिला शिमला के रामपुर में पांच कच्चे मकानों को भी बारिश से आंशिक नुकसान पहुंचा है। कांगड़ा में पांच गोशालाएं भी बारिश से जमींदोज हुई हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App