फसलों को तबाह कर गई बारिश

By: Aug 28th, 2019 12:13 am

जिला में कृषि विभाग को 3.35 करोड़ का नुकसान, धान-मक्की संग सब्जियां बर्बाद

मंडी –हाल ही में जिलाभर में हुई भारी बारिश से कृषि विभाग को तीन करोड़ 35 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान मक्की का हुआ है, जबकि कुछ क्षेत्रों में उपजाऊ मिट्टी के साथ-साथ धान व सब्जियां भी प्रभावित हुई हंै। अधिकांश क्षेत्रों में मक्की की फसल नष्ट होने से किसान काफी हताश हैं। कृषि विभाग ने जिलाभर में हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर निदेशालय व प्रदेश सरकार को भेज दी है। बता दें कि इस बार खरीफ की फसलों के लिए पहले बारिश काफी हुई थी। जिसके चलते जिला में फसलों की बिजाई काफी लेट हुई है। इसमें किसानों ने मक्की की बिजाई तो समय पर कर दी थी, लेकिन धान की फसल की पनीरी के लिए पर्याप्त बारिश न  होने से किसानों को करीब दो माह इंतजार करना पड़ा। लेकिन बरसात के कहर ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। वहीं, खेतों में मक्की की फसलें पूरी तरह से लेट गई हैं। इस बार प्राकृतिक आपदा का कहर झेलना पड़ा है। बीते दिनों हुई भारी बारिश से जहां किसानों की उपजाऊ भूमि व फसलें पानी के तेज बहाव में बह गई हैं। बारिश से मक्की की फसल का नुकसान तीन करोड़ आठ लाख रुपए, धान में तीन लाख 82 हजार, सब्जियों में 12 लाख 68 हजार, टमाटर में 10 लाख 99 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। मंडी जिला में सदर, सुंदरनगर, बल्ह, सरकाघाट, संधोल, धर्मपुर, गोहर, सराज सहित अन्य क्षेत्रों के किसानों को काफी नुकसान हुआ है। कुछ दिन किसानों की खेतों में लहरा रही मक्की की फसल अब खेतों में लेट चुकी है।  विभाग ने सभी ब्लॉकों की नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर आगे भेज दी है। 

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App