76 करोड़ नुकसान… सात को लील गई बरसात

By: Aug 10th, 2019 12:20 am

ऊना में बारिश ने खूब बरपाया कहर; स्वां फ्लड डिविजन को 13.80 करोड़ की चपत, फसलों-मकानों-सड़कों को करारी चपत

ऊना -ऊना जिला में बरसात के मौसम ने अपना कहर खूब बरपाया है। बरसात के मौसम में ऊना जिला को अब तक 76 करोड़ 90 लाख 65 हजार की चपत लग चुकी है। यही नहीं बरसात इस बार सात लोगों की जानें भी लील गई है। जिला में जहां करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। बरसात ने जहां फसलों, मकानों, सड़कों के अलावा जानी नुकसान भी पहुंचाया है। वहीं, अभी भी बरसात का मौसम अपना कहर बरपा जा सकता है। बरसात के मौसम में अभी तक कई दिन शेष है। इसके चलते लोगों को भी सावधानी बरतनी होगी। करीब एक माह से जिला में बरसात अपना कहर बरपा रही है। बरसात के मौसम में जिला में तो जलभराव की भी स्थिति कई जगह बनी रहती है। एक तरह से आम जन जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो जाता है।  बरसात के मौसम में सात लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा चुके हैं। बरसात सात लोगों को लील गई है। पांच लोग सड़क हादसे का शिकार हुए हैं। वहीं, एक औद्योगिक दुर्घटना और एक व्यक्ति पानी के बहाव का शिकार हुआ है। वहीं, 23 लोग बरसात में घायल हुए हैं। इनमें 22 लोग सड़क हादसे और एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। वहीं, पशुधन को भी नुकसान हुआ है। बरसात के इस मौसम में हरोली विकास खंड में फसलों को 14 लाख 10 हजार के अलावा अन्य जगह पर फसलों को 19 करोड़ 54 लाख 28 हजार का नुकसान हुआ है। वहीं, चार पक्के मकान भी बरसात के चाल डह गए। इसमें चार लाख का नुकसान हुआ है। इसके अलावा बरसात के मौसम में 27 अन्य घरों को भारी बारिश से 15 लाख 10 हजार नुकसान, वहीं, भारी बारिश से 46 कच्चे मकानों को नुकसान हुआ है। इसके अलावा एक दुकान को 40 हजार का नुकसान, 32 गोशलाओं को भारी बारिश से छह लाख 26 हजार नुकसान, लोक निर्माण विभाग को 23 करोड़ 24 लाख 69 हजार का नुकसान झेलना पड़ा है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को 14 करोड़ 17 लाख 92 हजार नुकसान हुआ है। वहीं, स्वां फ्लड हरोली डिवीजन को 13 करोड़ 80 लाख, ऊना सर्किल को तीन करोड़ 33 लाख 70 हजार, विद्युत बोर्ड को 78 लाख 51 हजारा, पशु पालन विभाग को दो लाख, कंजरवेशन को दो लाख, नगर पंचायत दौलतपुर चौक को 11 लाख 20 हजार, नगर पंचायत गगरेट में 50 हजार, ऊना नगर परिषद को 16 लाख का नुकसान हुआ है। इसके अलावा अन्य कारणों से एक लाख 77 हजार के अलावा 31 लाख 32 हजार 500 रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं, जिला राजस्व, अधिकारी विद्याद्यर नेगी ने कहा कि बरसात के मौसम में जिला भर में करीब 76 करोड़ 90 लाख 65 हजार का नुकसान हुआ है। इसमें फसलों, सड़कों, आईपीएच सहित अन्य विभागों को नुकसान झेलना पड़ा है। रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई है।

अभी भी स्वां नदी किनारे बसे हैं कई लोग

एक ओर जहां बरसात का मौसम चरम सीमा पर है। वहीं, अभी भी स्वां नदी किनारे प्रवासी लोग अपना डेरा जमाए हुए हैं। नियमों ने अनजान इन लोगों को यहां से हटाने के लिए प्रशासन की ओर से भी कोई उचित कदम नहीं उठाए गए हैं। वहीं, यदि स्वां नदी में जब बारिश होने पर तेज बहाव होता है, तो यह प्रवासी लोग तो जान जोखिम में डालकर लकडि़यां पकड़ते हैं। इसके चलते प्रशासन को इस ओर उचित कदम उठाने चाहिए।

दौलतपुर चौक में खड्डंे उफान पर

दौलतपुर चौक। शुक्रवार सुबह भारी वर्षा  से क्षेत्र में जनजीवन अस्त व्यस्त रहा और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शिक्षण संस्थानों स्कूल, कालेज, आईटीआई इत्यादि में उपस्थिति बेहद कम रही, जबकि बाजार सुनसान दिखे। भारी वर्षा के चलते खड्डे, नाले उफान पर रहे। इससे दौलतपुर-गगरेट, जोह-मरवाड़ी, दौलतपुर चौक-भद्रकाली-सुंकाली, बबेहड़-रायपुर, डंगोह-पिरथीपुर इत्यादि मार्गो पर बने कॉज-वे पर ट्रैफिक बाधित रहा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App