पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा का निधन

By: Aug 19th, 2019 7:21 pm

नई दिल्ली/ पटना-बिहार के पूर्व मुख्यंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्रा का आज गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। डाॅ मिश्रा काफी दिनों से बीमार चल रहे थे और उन्होंने आज अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके परिवार में तीन पुत्र तथा तीन पुत्रियां हैं। उनके एक पुत्र नीतीश मिश्र बिहार में मंत्री भी रहे हैं और इस समय भाजपा की प्रदेश इकाई में उपाध्यक्ष हैं।डॉ मिश्रा का अंतिम संस्कार सुपोल जिले में उनके पैतृक गांव बलुआ बाजार में बुधवार को राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर कल सुबह पटना ले जाया जाएगा। बिहार सरकार ने उनके निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।डॉ मिश्रा का पार्थिव शरीर उनके दिल्ली के द्वारका स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है जहां बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन तथा कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उनके अंतिम दर्शन किये और उन्हें श्रद्धांजलि दी।बिहार के राज्यपाल फागू चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान, भाजपा सांसद राम कृपाल यादाव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। डॉ मिश्रा कांग्रेस नेता के रूप में तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने केंद्र में भी मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App