ऊना में संगठनात्मक चुनावों पर मंथन

By: Sep 2nd, 2019 12:29 am

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने बनाई रणनीति, 15 दिसंबर तक बनेगा नया प्रदेश अध्यक्ष

ऊना -जिला भाजपा ऊना की अहम बैठक रविवार को ऊना में जिलाध्यक्ष बलवीर सिंह बग्गा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर, विधायक बलवीर चौधरी, विधायक राजेश ठाकुर, भाजपा नेता प्रवीण शर्मा, प्रो. राम कुमार, हरिओम भनोट, विजय पाल सोहारू, रामप्रकाश पटियाल, यशपाल राणा, विजय चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में संगठनात्मक चुनावों बारे चर्चा की गई। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि पूरे हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान समाप्त हो गया है। इन दिनों सक्रियता सदस्यता अभियान चल रहा है। पूरे देश के अंदर बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक चुनाव होना है। उन्होंने कहा कि सितंबर माह में चुनावी अभियान जारी रहेगा। सक्रिय सदस्यता अभियान को दस सितंबर तक समाप्त किया जाएगा। 11 सितंबर से 30 सितंबर तक बूथ स्तर के चुनाव संपन्न करवाए जाएंगे। 11 से 31 अक्तूबर तक मंडलों के चुनाव होंगे। नवंबर माह जिलों के चुनाव होंगे। एक से 15 दिसंबर तक प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा। सतपाल सत्ती ने कहा है कि मंडल में 46 कार्यकर्ताओं की टीम बनेगी ,इसमें हर मंडल में 15 महिलाओं को पदाधिकारी व कार्यकारिणी में लेना अनिवार्य किया गया है। जबकि हर मंडल में एससी-एसटी वर्ग से भी तीन-तीन सदस्य आवश्यक रूप से शामिल किए जाएंगे। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज्य मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बेहतरीन कार्य प्रदेश के लिए कर रही है। बैठक में भाजपा नेता राम मूर्ति शर्मा,मनोहर लाल, शाम मिन्हास, रजनी मनकोटिया, सरिता चौधरी, राज कुमार पठानिया सहित अन्य मौजूद थे।

गुरु नानक देव जी का 550वें वर्ष मनाएंगे

राज्य भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के 550वें वर्ष के कार्यक्रम भाजपा ने मनाने का निर्णय लिया है,इसके लिए जिला ऊना के हर मंडल में भाजपा कार्यक्रम आयोजित करेगी ताकि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आम लोगों तक पहुंच सके।

मोदी का जन्मदिन होगा सेवा सप्ताह

17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर भाजपा द्वारा प्रदेश भर में सेवा सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसके तहत 14 से 20 सितंबर तक गरीब लोगों के लिए सरकारी योजनाएं का क्या-क्या लाभ हो सकता है, उसके बारे में हर मंडल रूप रेखा तैयार कर रहा है। सेवा सप्ताह के माध्यम से सामान्य व्यक्तियों को लाभ देने के लिए सरकारी योजनाओं को आगे बढ़ाएंगे।

370 पर होगा जनजागरण

धारा 370 बारे लोगों को जागरूक करने के लिए चलाए जाने वाले अभियान पर मंथन किया गया। सतपाल सत्ती ने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाने के बाद इस पूरे महीने के अंदर भाजपा द्वारा जनजागरण व संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत हर मंडल एक हजार संख्या का सम्मेलन करेंगे। सम्मलेन के माध्यम अनुच्छेद 370 का क्या दुष्प्रभाव देश के अंदर रहा और क्यों हटाना पड़ा, इसको लेकर जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा 35ए के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

पच्छाद व धर्मशाला में होगी भाजपा की जीत

सतपाल सत्ती ने कहा कि उपचुनाव में टिकट पार्टी हाइकमान तय करती है। उन्होंने कहा कि चुनाव समिति किस व्यक्ति को टिकट देती है, यह उनका फैसला है। तैयारियों के विषय पर उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पच्छाद विस क्षेत्र में हैं और दो सितंबर को धर्मशाला विस क्षेत्र में हैं। दोनों विस क्षेत्र में सीएम का पिछले एक माह में दूसरी बार दौरा है। पार्टी के अन्य लीडर भी इन दो क्षेत्रों में लगातार जा रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App