कांग्रेस समन्वय समिति में पूर्व विधायक गायब

By: Sep 30th, 2019 12:02 am

धर्मशाला –धर्मशाला व पच्छाद उपचुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी गंभीर नहीं दिख रही है। कांग्रेस पार्टी द्वारा जिला कांगड़ा के मुख्यालय धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में चुनाव समन्वय कमेटी में जिला के पूर्व विधायकों को ही जगह नहीं दी गई है। कांगे्रस पार्टी सता से बाहर होने के बाबजूद अपने ही लोगों का सही मान-सम्मान नहीं कर पा रही है, जिसमें पूर्व मंत्री जीएस बाली, सुजानसिंह पठानिया, पूर्व विधायक जगजीवन पाल, किशोरी लाल, यादविंद्र गोमा, संजय रतन, अजय महाजन और नीरज भारती सहित पूर्व प्रत्याशियों का नाम शामिल नहीं किया गया है। इस लापरवाही का खामियाजा कांग्रेस पर कितना भारी पड़ेगा, यह तो परिणामों में ही पता चलेगा। वहीं दूसरी ओर भाजपा ने सत्ता में होने के बाबजूद अपने सभी विंंग सक्रिय कर दिए हैं। ऐसे में सत्ताधारी भाजपा को हरा पाना बहुत ही मुश्किल है। कांग्रेस एक तरह से बिलकुल अलग-थलग दिख रही है। कांग्रेस ने विस क्षेत्र  धर्मशाला में समन्वय कमेटी में 10 नाम रखे हैं, जबकि पच्छाद के लिए नौ लोगों को कार्यभार सौंपा है। धर्मशाला के पूर्व विधायक व मंत्री सुधीर शर्मा, पूर्व सांसद प्रो चंद्र कुमार, पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, विधायक पवन काजल, आशीष बुटेल, मेंबर सचिव केवल सिंह पठानिया, जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुमन वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश कपूर, नगर निगम धर्मशाला मेयर देवेंद्र जग्गी, मीडिया को-आर्डिनेटर कुलदीप सिंह पठानिया का नाम शामिल है। युवा कांग्रेस सहित छात्र राजनेताओं को भी इस लिस्ट में जगह नहीं दी गई है। वहीं पच्छाद के लिए विधायक कर्नल धनीराम शाडिल, हर्षवर्धन चौहान, विनय कुमार, विक्रमादित्य सिंह, सचिव रजनीश किमटा, पूर्व विधायक अजय बहादुर सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय सोलंकी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रंजीत सिंह हब्बी और मीडिया को-आर्डिनेटर रमेश चौहान का नाम शामिल है। राजनीतिक विशेषज्ञों की मानी जाए, तो कांग्रेस की यह ढील कहीं न कहीं पार्टी के लिए नुकसानदायक हो सकती है। भाजपा इस विषय पर पूरी गंभीर दिख रही है। भाजपा अपने बड़े दिग्गजों के साथ-साथ छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी चुनावों में कुछ न कुछ जिम्मेदारी सौंप रही है, ताकि भाजपा का परचम लहराया जा सके, लेकिन कांगे्रस अपने दिग्गज नेताओं सहित पूर्व विधायकों को भी दरकिनार कर रही है।

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App