झमाझम से होगा सितंबर का आगाज़

By: Sep 1st, 2019 12:01 am

प्रदेश में छह सितंबर तक रंग दिखाएगा मौसम, हल्की बारिश से गिरा पारा

शिमला – हिमाचल प्रदेश में छह सितंबर तक मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत सितंबर माह के पहले सप्ताह में मैदानी व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक-दो जगह बारिश होगी, जबकि राज्य में शिमला, कुल्लू, सोलन, सिरमौर, मंडी, चंबा व डलहौजी में कुछ जगह बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। राज्य में बीते 24 घटों के दौरान एक-दो जगह बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा शेष हिमाचल में मानसून कमजोर रहा। राज्य में शनिवार को मौसम मिला जुला बना रहा। हालांकि दोपहर तक राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद आसमान में काले बादल घिरने शुरू हो गए थे। राज्य के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों मे कुछ जगह दोपहर बाद हल्की बारिश भी रिकॉर्ड की गई। शिमला में शाम के समय घनघोर धुंध घिरी रही। मौसम के मिजाज बदलने से शिमला, धर्मशाला, ऊना, नाहन व केलांग के तापमान में गिरावट रिकॉर्ड की गई है। अधिकतम तापमा में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है, जबकि राज्य के शेष हल्कों के तापमान में पहले के मुकाबले उछाल दर्ज किया गया है। कांगड़ा, सुंदरनगर व भुंतर के पारे में दो डिग्री तक का उछाल आया है। शुक्रवार शाम को कुमारसैन में सबसे ज्यादा 21 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। वहीं, पालमपुर में नौ, बैजनाथ में चार व पंडोह में दो मिलीमीटर तक बारिश हुई है। बारिश होने के बावजूद न्यूनतम तापमान में उछाल आंका गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।

कहां, कितना तापमान

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    24.5       17.0

भुंतर       33.8       20.6

धर्मशाला   27.2       22.4

ऊना       35.2       25.2

सोलन     30.0       20.6

नाहन      27.1       18.5

कांगड़ा    32.1       22.8

बिलासपुर 34.0       20.2

हमीरपुर    33.7       21.3

चंबा       31.3       21.3

डलहौजी  —          16.2


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App