रैली के बहाने चुनावी माहौल

By: Sep 7th, 2019 12:01 am

धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में तैयारियों के लिए जुटा प्रशासन

धर्मशाला     – लोकसभा चुनावों से पहले धर्मशाला के पुलिस मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लाभार्थी रैली करवाई गई थी। अब प्रदेश सरकार उसी तर्ज पर धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में एक और बड़ी रैली करने जा रही है। हालांकि इसमें कांगड़ा जिला के लाभार्थियों को बुलाया जा रहा है, लेकिन इस रैली के बहाने भाजपा लोकसभा चुनावों की तर्ज पर धर्मशाला उपचुनाव के लिए भी माहौल बनाने का प्रयास करेगा। माना जा रहा है कि इसके तुरंत बाद धर्मशाला व पच्छाद के लिए आदर्श आचार संहिता भी लग जाएगी। बीजेपी सरकार इससे पूर्व सरकारी खर्च पर बड़ा आयोजन कर जहां सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना चाहती है, वहीं प्रदेश की दूसरी राजधानी में भी माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर धर्मशाला उपचुनाव की गंभीरता देखते हुए अब आठ सिंतबर को फिर धर्मशाला पहुंच रहे हैं। आठ को जेल विभाग के कार्यक्रम के बाद वह नौ को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। इसके लिए कांगड़ा जिला प्रशासन को तैयारियां करने के निर्देश जारी किए गए हैं। रैली को सफल बनाने के लिए अधिकारी व्यवस्था में जुट गए हैं। सभी उपमंडल अधिकारियों को अपने-अपने उपमंडल से लाभ प्राप्त करने वाले लोगों की सूची तैयार कर उन्हें धर्मशाला पहुंचाने का जिम्मा सौंपा है।

अनावरण कल

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आठ सितंबर को धर्मशाला पहुंच जाएंगे। इस दिन वह जिला कारागार में लाला लाजपतराय की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। गौरतलब है कि लाला लाजपतराय धर्मशाला जेल में रहे हैं और उनकी बैरक को वैसे ही रखा गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App