सेब सीजन ने तोड़ डाले रिकॉर्ड

By: Sep 5th, 2019 12:01 am

पिछले साल के मुकाबले पहुंचे 55 लाख ज्यादा सेब बॉक्स, इस बार बंपर उत्पादन की उम्मीद

शिमला – हिमाचल में सेब सीजन चरम पर चल रहा है। राज्य के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब की पेटियां धडाधड़ मार्केट में पहुंच रही हैं। अब तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से एक करोड़ 25 लाख 26 हजार 393 सेब बॉक्स फल मंडियों तक पहुंच गए हैं, जो बीते सेब सीजन के मुकाबले 55 लाख सेब बॉक्स अधिक रिकॉर्ड किए जा रहे हैं। राज्य में मौजूदा समय में मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब सीजन चरम पर  चला हुआ है। फल मंडियों में रोजाना सेब की दो से तीन लाख सेब बॉक्स पहुंच रहे हैं। राज्य में बारिश के कम होते ही बागबानों ने सेब तूड़ान कार्य को गति दे दी है। राज्य में अभी तक किन्नौर व लाहुल-स्पीति में सेब तूड़ान कार्य आरंभ नहीं हुआ है। इसके अलावा राज्य के अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों से भी सेब मार्केट में उतरना बाकी है। राज्य के इन क्षेत्रों से जल्द ही सेब मार्केट में उतरने की संभावना जताई जा रही है। राज्य के इन क्षेत्रों में गुणवत्तायुक्त सेब का उत्पादन होता है। राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों से सेब मार्केट में उतरते ही सेब के दामों में और उछाल आने की संभावना जताई जा रही है। बागबानी विभाग की जानकारी के तहत राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से अब तक एक करोड़ 25 लाख 26 हजार 393 सेब बॉक्स फल मंडियों में पहुंच चुके हैं। पिछले साल अब तक मात्र 69 लाख 70 हजार 195 सेब बॉक्स ही मार्केट में पहुंचे थे। हिमाचल में मौजूदा समय के दौरान सेब के बंपर उत्पादन की संभावना जताई जा रही है। विभाग के आकलन के तहत इस साल हिमाचल में रिकॉॅर्ड तोड़ उत्पादन होगा। विभाग द्वारा राज्य में कई वर्षों के बाद उत्पादन का आंकड़ा चार करोड़ बॉक्स के करीब पहुंचने की संभावना जताई जा रही हैं।

हिमाचल से रोज़ जा रहे 300 ट्रक

हिमाचल से रोजाना बाहरी राज्यों के लिए 300 ट्रक जा रहे हैं। इसके अलावा पिकअप में भी सेब सीजन बाहरी राज्यों को जा रहा है। विभाग की जानकारी के तहत राज्य से रोजाना दो से तीन लाख सेब बॉक्स मार्केट में पहुंच रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App