अब की बार हरियाणा में 75 पार

By: Oct 18th, 2019 12:04 am

हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का लाडवा विधानसभा क्षेत्र में तूफानी प्रचार

शिमला –प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हरियाणा में तूफानी प्रचार किया। पार्टी के सटार प्रचारक होने के नाते उन्होंने गुरुवार को चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधानसभा चुनावों में लाडवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डा. पवन सैणी के पक्ष में वोट व समर्थन करने का आग्रह लोगों से किया, ताकि हरियाणा में बिना किसी रूकावट से विकास कार्यों को सुनिश्चित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में हरियाणा के लोगों का उद्देश्य अब की बार 75 पार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह समय की मांग है कि हरियाणा के विकास व कल्याण के लिए भाजपा विधानसभा चुनावों में 75 से ज्यादा सीटें हासिल करें। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कुशल नेतृत्व में हरियाणा ने पांच साल में अप्रत्यासित प्रगति की है। हरियाणा ने खेल, सामाजिक न्याय व कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि भाजपा ईमानदार नेताओं की पार्टी है और मनोहर लाल खट्टर अपनी ईमानदारी व मेहनती स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा स्पष्ट लक्ष्य, मजबूत नेतृत्व तथा विकासात्मक नीतियों वाली पार्टी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में भारत विश्व शक्ति बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री की राजनीतिक इच्छाशक्ति का ही परिणाम है कि आज जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाकर देश में एक विधान, एक निशान और एक संविधान है। उन्होंने कहा कि इस अनुच्छेद के कारण जम्मू-कश्मीर में सरकारी भवनों पर दो झंडे फहराए जाते थे। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल के दस साल में हरियाणा को हर स्तर पर भ्रष्टाचार के लिए जाना जाता था। आज समय बदल चुका है और हरियाणा विकास और उन्नति की राह पर आगे बढ़ रहा है, जिसका श्रेय खट्टर की नेतृत्व वाली भाजपा शासित सरकार को जाता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App