इसी हफ्ते लौट जाएगा मानसून

By: Oct 7th, 2019 12:02 am

विभाग का दावा, प्रदेश भर में अब कम ही बरसेंगे बादल

शिमला -हिमाचल प्रदेश से इस सप्ताह मानसून रुखस्त हो जाएगा। मौसम विभाग की माने तो राज्य में मानसून अपने आखिरी पड़ाव में है। मानसून धीरे धीरे कमजोर भी पड़ता जा रहा है। विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि राज्य से इस सप्ताह के दौरान कभी भी मानसून विदाई ले सकता है। बता दें कि प्रदेश में मानसून ने इस सीजन के दौरान जमकर कहर बरपाया है। भारी बारिश के कारण राज्य में करोड़ों की चपत लगी है। भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त व्यस्त कर रख दिया था। राज्य में अगस्त माह के दौरान सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई थी। इसके बाद कार्य में सामान्य बारिश दर्ज की गई। बारिश से राज्य में नुकसान का आंकडा 1200 करोड से अधिक का नुकसान हुआ है। राज्य में सबसे ज्यादा चपत लोक निर्माण विभाग को हुआ है। लोक निर्माण विभाग को अब तक करीब 600 करोड़ की चतप लगी है। इसके अलावा बेहरम बारिश ने कई लोगों के प्राण भी हरे थे। राज्य आपदा प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के तहत बरसात के दौैरान करीब 51 मौतें हुई हैं। इसके अलावा कच्चे व पक्के भवनों को भी नुकसान पहुंचा है। राज्य में इस सीजन के दौरान बारिश बीते सीजन के मुकाबले कम आंकी जा रही है। हालांकि राज्य के कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है, तो कई जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से कम दर्ज किया गया है। सितंबर माह के दौरान मानसून की रफ्तार धीमी हो गई थी, मगरमाह के आखिरी सप्ताह व अक्तूबर माह की शुरुआत में मानसून ने फिर से रफ्तार पकड़ी। उधर, मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में से इस सप्ताह के दौरान मानसून विदा हो जाएगा। इसके बाद तापमान में भी हल्का उछाल आएगा। भारी बारिश के बाद राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में सुबह व शाम के समय ठंड का प्रकोप बढ गया है। खासतौर पर राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App