उपचुनाव में जीत पर दीपकमल में जश्न

By: Oct 25th, 2019 12:22 am

शिमला –पच्छाद और धर्मशाला उपचुनाव जीत पर प्रदेश भाजपा मुख्यालय दीपकमल में जीत का जश्न हुआ। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में पच्छाद एवं धर्मशाला उप चुनावों में बड़ी जीत के लिए जनता एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस जीत के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में पूरे प्रदेश में उत्साह व हर्ष का वातावरण रहा। प्रदेश मुख्यालय दीप कमल चक्कर में हिमाचल प्रदेश के  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आगमन हुआ प्रदेश मुख्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लड्डू वितरण कर जीत का जश्न मनाया। इस अवसर पर आईपीएच  मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, उद्योग मंत्री विक्त्रम ठाकुर, मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा, भाजपा प्रदेश सचिव त्रिलोक जमवाल, पायल वैद्य, भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा, कोषाध्यक्ष कपिल सूद, प्रदेश उपाध्यक्ष रूपा शर्मा, गणेश दत्त, विधायक राकेश जमवाल, विनोद ठाकुर, नगर निगम की महापौर कुसुम सदरेट व उपमहापौर राकेश शर्मा सहित नगर निगम शिमला के पार्षद उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा की धर्मशाला व पच्छाद उपचुनाव में जीत जनता तथा भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत की है जो आज रंग लाई। भाजपा की जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई तथा धर्मशाला की जनता का आभार व्यक्त किया। सत्ती ने कहा कि यह विजय भाजपा के विकास और जनहित के कार्यों तथा जनता के भाजपा के ऊपर विश्वास को दर्शाता है। भाजपा नेताओं ने कहा की यह परिणाम जनता का केंद्र की सकारात्मक रूप में कार्य करने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश में चलने वाली विकास की गंगा बहाने वाली सरकार में दृढ़ विश्वास की जीत है।  हिमाचल प्रदेश में केंद्र और प्रदेश सरकार डबल इंजन के रूप में काम कर रही है। यह जीत इस वाक्यांश की पुष्टि करता है। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी को इस हार का अनुमान पहले ही हो गया था। इसीलिए कांग्रेस पार्टी के नेता केवल बयानबाजी कर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे थे।

चीफ व्हिप बरागटा ने जताया वोटर्स का आभार

मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा ने पच्छाद और धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र उपचुनावों में भारतीय जनता पाटीर् के प्रत्याशियों की जीत पर इन क्षेत्रों के लोगों को हार्दिक बधाई दी है। बरागटा गुरुवार को मुख्यमंत्री को बधाई देने मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर पहुंचे। उन्होंने पच्छाद और धर्मशाला विधानसभा क्षेत्रों के समस्त कार्यकर्ताओं तथा मतदाताओं का धन्यवाद किया। बरागटा ने पच्छाद के पझौता क्षेत्र के समस्त पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए क्षेत्र के सभी मतदाताओं का इस जीत के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आशीर्वाद से पच्छाद के पझौता क्षेत्र में विकास की धारा को आगे बढ़ाने के लिए कार्य योजना बनाई जाएगी तथा लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रयास किए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App