सीएम का दोनों सीटें जीतने का दावा

By: Oct 20th, 2019 12:01 am

प्रचार के अंतिम दिन धर्मशाला में की जनसभाएं, कांग्रेस पर साधा निशाना

धर्मशाला – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रचार के अंतिम दिन धर्मशाला क्षेत्र में तूफानी जनसभाएं कीं। इस दौरान सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां भी गिनवाईं। सीएम ने कहा कि धर्मशाला व पच्छाद उपचुनावों में भाजपा हैट्रिक बनाएगी। दोनों विधानसभा क्षेत्रों की सीटें पहले भी भाजपा के पास थीं तथा उपचुनावों के बाद भी भाजपा के पास होंगी। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग कागजों में काम करते हैं, लेकिन भाजपा काम कर के दिखाती है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को धर्मशाला के भागसूनाग, कोतवाली बाजार व खनियारा पटोला मैदान में जनसभाओं को संबोधित किया। इससे पहले मुख्यमंत्री सुबह भागसूनाग में लोगों से भी मिले।जहां उन्होंने कहा कि धर्मशाला को डबल इंजन का साथ मिल रहा है। सांसद किशन कपूर धर्मशाला के विकास को दिल्ली से गति देंगे, तो विशाल नैहरिया प्रदेश से विकास को गति देंगे। मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी विशाल नैहरिया के हक में वोट देने की अपील करते हुए कहा कि इन्वेस्टर मीट के लिए सरकार ने धर्मशाला को चुना तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक वर्ष के भीतर दूसरी बार धर्मशाला आएंगे। धर्मशाला को पर्यटन के रूप में ओर मजबूत करने के लिए सरकार योजना से कार्य कर रही है। चामुंडा-हिमानी रोप-वे के निर्माण से यहां पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा। शिमला के बाद अगर दूसरा राजनीति का केंद्र बिंदु हैं, तो वह है धर्मशाला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता हार से बुरी तरह बौखलाए हुए हैं। यही वजह है कि वे भाजपा पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। इस मौके पर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतपाल सत्ती, सांसद किशन कपूर, स्वास्थ्य मंत्री विपन परमार, उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर, शहरी विकास मंत्री सरवीन चौधरी, प्रदेश भाजपा के महामंत्री कृपाल परमार, विधायक अरुण मेहरा, राजेश ठाकुर, मुल्खराज प्रेमी, होशियार सिंह व केसीसीबी के चैयरमेन राजीव भारद्वाज, सह-मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, दूलो राम, इंदू गोस्वामी, प्रत्याशी विशाल नैहरिया सहित कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं को रोने की आदत

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश से कांग्रेस का बीज खत्म हो चुका है। कांग्रेस पूरी तरह से समाप्त हो चुकी है और कांग्रेसियों को रोने की आदत बन चुकी है। चुनाव हारने के बाद कांग्रेसी कहते हैं कि ईवीएम में गड़बड़ थी। चुनाव से पहले कहते हैं कि भाजपा आचार संहिता का उल्लंघन कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App