हरियाणा में आज भाजपा सरकार

By: Oct 28th, 2019 12:03 am

खट्टर दिवाली पर लेंगे सीएम पद की शपथ

चंडीगढ़ – हरियाणा में रविवार को दिवाली के दिन भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में नई गठबंधन सरकार का गठन होगा और दोपहर बाद दो बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। श्री खट्टर को शनिवार सुबह भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। उसके बाद श्री खट्टर अपने विधायकों के साथ राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से मिलकर सरकार बनाने को दावा पेश किया। श्री आर्य ने उन्हें सरकार बनाने का निमंत्रण दिया। भाजपा ने पिछली बार अपने बलबूते पर सरकार बनाई थी, लेकिन इस बार वह जननायक जनता पार्टी (जजपा) के साथ मिलकर सरकार बना रही है। श्री खट्टर दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री होंगे और जजपा प्रमुख दुष्यंत चौटाला उपमुख्यमंत्री होंगे। श्री खट्टर ने सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद राजभवन से बाहर निकलते हुए मीडिया से बातचीत में जानकारी देते हुए बताया कि राज्यपाल ने उन्हें रविवार दिवाली के दिन सवा एक बजे राजभवन आमंत्रित किया है। उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह दोपहर बाद सवा दो बजे शुरू होगा। उनके साथ श्री चौटाला उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। इस सवाल पर कि उनके साथ कितने विधायक मंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे, तो उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी रविवार को दी जाएगी, लेकिन इतना तय है कि भाजपा और जजपा के कुछ मंत्री और राज्य मंत्रियों के अलावा निर्दलीय विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इससे पहले श्री खट्टर ने जजपा नेताओं के साथ गठबंधन सरकार बनाने को लेकर राजभवन पहुंच कर राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया और इसके साथ उन्हें 57 समर्थक विधायकों की सूची सौंपी, जिसमें 40 भाजपा, दस जजपा और सात निर्दलीयों के नाम शामिल हैं। उन्होंने इसके साथ ही निर्वतमान सरकार के मुख्यमंत्री पद तथा उनकी मंत्रिपरिषद का इस्तीफा भी सौंपा, जिसे राज्यपाल ने स्वीकार करते हुए नई सरकार के गठन होने तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहने को कहा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और पार्टी के प्रदेश मामलों के प्रभारी अनिल जैन भी मौजूद थे।

जनता ने दी चेतावनी

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ  के मुखपत्र पांचजन्य ने हरियाणा के नतीजों को भाजपा के लिए जनता की चेतावनी करार दिया है। लेख में कहा गया है कि ऐसे परिणाम का सामान्य अर्थ है कि जनता सरकार से बहुत खुश तो नहीं है, लेकिन खिलाफ भी नहीं है। इसे जनता की चेतावनी कहा जा सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App