एक नजर

By: Nov 25th, 2019 12:02 am

मैक्सिको में महिलाओं से हिंसा के खिलाफ प्रदर्शन

एकाटेपेक (मैक्सिको)। मैक्सिको में महिलाओं के खिलाफ हिंसा के खिलाफ बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने कई माध्यमों से अपना विरोध जताया। चार महिलाएं गुलाबी और पीले रंग के कपड़े पहनकर गर्म डामर पर नंगे पांव चली। गुलाबी और पीला रंग उन कई महिलाओं में से एक का पसंदीदा रंग था, जिनकी हाल में हत्या कर दी गई थी। बता दें कि एक सर्वे के मुताबिक मैक्सिको में हर दिन औसतन 10 महिलाओं की हत्या कर दी जाती है, जिससे यह महिलाओं के लिए दुनिया की सबसे खतरनाक जगहों में से एक बन गया है।

केन्या में बाढ़ का प्रकोप 34 लोगों की मौत

नैरोबी (केन्या)। केन्या के पश्चिमी हिस्से में रात भर हुई भारी बारिश के बाद बाढ़ और भू-स्खलन के कारण 34 लोगों की मौत हो गई। गृह मंत्री फ्रेड मातिआंगी ने बताया कि सामान्य से अधिक बारिश के बाद बाढ़ आने से पूर्वी अफ्रीका में दस लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। वर्षा जनित घटनाओं में एक महीने में 72 लोगों की मौत हो चुकी है।

पाकिस्तान में आत्मघाती हमलावर मार गिराया

पेशावर। उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के कबायली जिला में एक खेल परिसर के पास विस्फोटक से लैस होकर खुद को उड़ाने की कोशिश कर रहे एक आत्मघाती हमलावर को सुरक्षाबलों ने मार गिराया। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को खेल परिसर में अफगानिस्तान से आए एक आत्मघाती हमलावर के प्रवेश करने के बारे में सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने हमलावर का पता लगा लिया और बाजौर जिला के खार मुख्यालय में खेल परिसर भवन के पास जब उसने खुद को उड़ाने की कोशिश की तो उसे मार गिराया।

पाक में नार्वे का राजदूत तलब

इस्लामबाद। पाकिस्तान ने नार्वे के राजदूत के जी इरिक्सन को तलब कर उनके देश के क्रिस्टीयांसैंड शहर में कुरान को अपवित्र करने की घटना लेकर सरकार और नागरिकों की गहरी चिंता से अवगत कराया है। विदेश मंत्रालय ने शनिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करके कहा कि विदेश कार्यालय ने सरकार और पाकिस्तान के लोगों की गहरी चिंता जताने के लिए नार्वे के राजदूत को तलब किया। श्री इरिक्सन ने घटना पर अफसोज जताते हुए कहा कि नार्वे में सभी को अभिव्यक्ति और किसी भी धर्म को मामने का अधिकार है।

अलास्का में भूकंप के झटके

अलास्का। अमरीका के अलास्का में रविवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमरीकी भूगर्भ सर्वेक्षण के अनुसार अलास्का में रविवार को तड़के आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.3 आंकी गई। भूकंप का केंद्र 25.1 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। इसे लेकर सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

अफगानिस्तान में आठ तालिबानी आतंकी ढेर

काबुल। अफगानिस्तान के कुंदज में पिछले चार दिनों में सुरक्षा बलों के साथ झड़प में कम से कम आठ तालिबानी मारे गए। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। स्थानीय मीडिया ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से बताया कि अफगानी सुरक्षाबलों ने कुंदज शहर के बाहरी इलाके में तीनों ओर से आतंकवादियों के सफाए के लिए अभियान चलाया था। सुरक्षाबलों ने वायु सेना समर्थन से आतंकवादियों को  निशाना बनाया। इस हमले में कम से कम आठ आतंकवादी मारे गए।

ईरान में अब तक 180 लोग हिरासत में

तेहरान। ईरान में सरकार के खिलाफ हाल में हुए दंगों में शामिल 180 लोगों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया है। ईरान के सरकारी मीडिया प्रसारक आईआरआईबी ने एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। आईआरआईबी की रिपोर्ट के मुताबिक हिरासत में लिए गए लोगों पर बैंकों में आगजनी करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, कानून प्रवर्तन एजेंसियों की वस्तुओं पर हमले करने और अन्य अवैध कार्यों में शामिल होने के आरोप हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App