हरियाणा: खट्टर सरकार का कैबिनेट विस्तार

By: Nov 14th, 2019 1:27 pm

NBTहरियाणा में करीब तीन हफ्ते से लटका मंत्रिमंडल विस्तार आज हो गया। गुरुवार को कुल 10 मंत्रियों ने शपथ ली। बीजेपी कोटे से 8 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली, जबकि एक मंत्री जेजेपी और एक निर्दलीय कोटे से है। बीजेपी-जेजेपी गठबंधन ने बुधवार को ही अहम मंत्रालयों का बंटवारा कर लिया था।

मंत्री बनने वालों की लिस्ट में पूर्व सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे अनिल विज का भी नाम है। इनके अलावा कंवरपाल गुर्जर, मूलचंद शर्मा, रंजीत सिंह, जेपी दलाल, बनवारी लाल, ओम प्रकाश यादव, कमलेश ढांढा और पूर्व हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

अनिल विज ने ली कैबिनेट मंत्री पद की शपथ
पिछली सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे अनिल विज ने इस सरकार में भी मंत्री पद की शपथ ली है। विज अंबाला कैंट से बीजेपी विधायक हैं। अकसर अपने विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले विज करीब 50 वर्षों से राजनीति में हैं।

कंवरपाल गुर्जर (कैबिनेट मंत्री)
कंवरपाल गुर्जर हरियाणा की जगाधरी विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्होंने इस सीट पर कांग्रेस के अकरम खान को हराया था। पिछली सरकार में कंवरपाल को अहम जिम्मेदारी मिली थी और वह विधानसभा के अध्यक्ष थे।

मूलचंद शर्मा (कैबिनेट मंत्री)
ब्राह्मण समुदाय से आने वाले मूलचंद शर्मा भी खट्टर सरकार में मंत्री बने हैं। मूलचंद बल्लभगढ़ से बीजेपी विधायक हैं।

रणजीत सिंह चौटाला 
(कैबिनेट मंत्री)
ओमप्रकाश चौटाला के छोटे भाई रणजीत सिंह चौटाला इस सरकार के पहले निर्दलीय विधायक हैं, जिन्होंने मंत्री पद की शपथ ली है। गोविंद कांडा को हराकर रानिया से विधायक बने हैं।

जेपी दलाल (कैबिनेट मंत्री)
जेपी दलाल भिवानी के लोहारू से बीजेपी विधायक हैं। जाट नेता जेपी दलाल पहली बार विधायक बने हैं और कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली है।

बनवारी लाल (कैबिनेट मंत्री)
गुड़गांव के बावल से बीजेपी विधायक बनवारी लाल ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। बनवारी लाल पिछली सरकार में भी कैबिनेट मंत्री थे।

इन 4 राज्यमंत्रियों ने भी ली शपथ

ओमप्रकाश यादव (राज्य मंत्री-स्वतंत्र प्रभार)

नारनौल से लगातार दूसरी बार विधायक बने ओमप्रकाश यादव ने राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पद की शपथ ली है।

कमलेश ढांडा (राज्यमंत्री-स्वतंत्र प्रभार)
खट्टर मंत्रिमंडल के पहले महिला चेहरे के तौर पर कैथल के कलायत से जीतकर आईं कमलेश ढांडा ने खट्टर-2 सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पद की शपथ ली है।

अनूप धानक(राज्यमंत्री-स्वतंत्र प्रभार)
खट्टर सरकार में जेजेपी के पहले मंत्री के तौर पर अनूप धानक ने राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के तौर पर शपथ ली है। अनूप उकलाना सीट से विधायक हैं।

संदीप सिंह (राज्यमंत्री-स्वतंत्र प्रभार)
मंत्रियों की लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला नाम संदीप सिंह का है। 33 वर्षीय पूर्व हॉकी खिलाड़ी और भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रह चुके संदीप सिंह ने राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के तौर पर पंजाबी में शपथ ली। संदीप पिहोवा सीट से बीजेपी विधायक हैं। यहां बीजेपी को 53 सालों में पहली बार जीत मिली थी। हाल ही में संदीप के जीवन पर एक फिल्म ‘सूरमा’ बनी थी।

बुधवार को हुआ था विभागों का बंटवारा
बुधवार को हुए विभागों के बंटवारे में जेजेपी के पास आबकारी और कराधान विभाग, उद्योग विभाग, श्रम और रोजगार विभाग, नागरिक एवं उड्डयन विभाग, लोक निर्माण विभाग, विकास एवं पंचायत विभाग, पुरातत्व संग्रहालय विभाग, पुनर्वास विभाग जैसे विभाग आए हैं। जबकि गृह, वित्त, कृषि, टाऊन एंड कंट्री प्लानिंग जैसे अहम विभाग बीजेपी के पास रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App