अयोध्या में सजी राम रसोई, श्रद्धालुओं को मुफ्त भोजन

By: Dec 2nd, 2019 12:06 am

पटना के महावीर मंदिर ट्रस्ट ने उठाया जिम्मा, 60 क्विंटल गोविंद भोग और कतरनी चावल भेजा गया

अयोध्या-अयोध्या में रामलला के मंदिर के ठीक बाहर अमावा मंदिर में पटना के महावीर मंदिर ट्रस्ट की ओर से राम रसोई की शुरुआत हो गई है। राम रसोई में रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन मिलना शुरू हो गया है। महावीर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष किशोर कुणाल ने रविवार को इसकी शुरुआत कर दी है। महावीर मंदिर ट्रस्ट पहले ही 10 करोड़ रुपए चंदे के तौर पर राम मंदिर के लिए देने का ऐलान कर चुका है। आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि अयोध्या में राम रसोई की शुरुआत हो गई है। इसके लिए 60 क्विंटल गोविंद भोग और कतरनी चावल अयोध्या भेजा जा रहा है। सभी चावल कैमूर (बिहार) के मोकरी गांव से मंगवाया गया है। राम रसोई और भगवान के भोग की सेवा लगातार चलती रहेगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए अयोध्या के मुख्य पुजारी से बात हो गई है। कुणाल ने आगे बताया कि बिहार में पहले से ही सीतामढ़ी में सीता रसोई चल रही है। यहां दिन में 500 लोग और रात में 200 लोगों को मुफ्त में भोजन कराया जा रहा है। इसी क्रम में अयोध्या में भी राम रसोई शुरू की गई है। यहां शुरुआती दौर में प्रतिदिन एक हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था है। इसके बाद में राम भक्तों की बढ़ती संख्या के आधार पर ज्यादा से ज्यादा लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की जाएगी।

99 फीसदी मुस्लिम चाहते है पुनर्विचार याचिका

लखनऊ। देश में मुसलमानों के सबसे बड़े संगठन ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड का मानना है कि बाबरी मस्जिद पर उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद न्यायपालिका पर भरोसा कमजोर हुआ है और 99 फीसदी मुसलमान चाहते हैं कि इस निर्णय पर पुनर्विचार की याचिका दाखिल की जाए। बोर्ड के महासचिव मौलाना वली रहमानी ने रविवार को कहा कि मुसलमानों को न्यायपालिका पर भरोसा है, इसीलिए अयोध्या मामले पर पुनर्विचार याचिका दाखिल की जा रही है।

अब कोई नहीं रोक सकता मंदिर का निर्माण

बोकारो। झारखंड में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के बाद अब रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने चुनावी जनसभा के दौरान राम मंदिर को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि हमने हर चुनावी घोषणा पत्र में वादा किया था कि रामलला की जन्मभूमि (अयोध्या) पर भगवान राम का भव्य मंदिर बनाने जा रहे हैं। कुछ पार्टियां हमारे इस वादे पर मजाक उड़ाती थीं, लेकिन अब मंदिर निर्माण से हमें कोई नहीं रोक सकता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम देश के हर राज्य में नेशनल रजिस्टर ऑफ  सिटिजंस  (एनआरसी) लागू करेंगे। हर भारतीय को यह जानने का पूरा अधिकार है कि उनकी जमीन पर कौन अवैध प्रवासी रह रहा है। कुछ दलों को इसमें भी हमारी गलती लगती है, उन्हें हम सांप्रदायिक लगते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में पहले चरण के मतदान के बाद यह स्पष्ट हो गया कि भाजपा पूर्ण बहुमत हासिल करेगी। कोई भी भाजपा के प्रधानमंत्री, मंत्रियों या मुख्यमंत्रियों पर अंगुली नहीं उठा सकता है कि वे भ्रष्ट हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App