चन्नौर औद्योगिक क्षेत्र को छह करोड़

By: Dec 25th, 2019 12:02 am

निवेश की संभावनाएं देखते हुए सरकार ने जारी की राशि

शिमला – प्रदेश सरकार द्वारा नए औद्योगिक क्षेत्र के रूप में घोषित किए गए चन्नौर इंडस्ट्रीयल एरिया को विकसित करने के लिए सरकार ने छह करोड़ रूपए की राशि जारी की है। आने वाले दिनों में इस इंडस्ट्रीयल एरिया की डिमांड बढ़ने वाली है लिहाजा यहां पर होने वाले निवेश की संभावनाओं को देखते हुए प्रदेश सरकार ने जल्द काम शुरू करने को कहा है। यहां पर नए प्लॉट्स विकसित किए जाएंगे, ताकि निवेशकों को आसानी होगी। चन्नौर में 23 हेक्टेयर क्षेत्र को नए औद्योगिक क्षेत्र के रुप में विकसित किया जाना है। यहां पर निवेशकों को सड़क, बिजली, पानी, सीवरेज जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना जरूरी है। बता दें कि इससे पहले पंडोगा और कंदरोड़ी दो नए इंडस्ट्रीयल एरिया डवलप किए जा चुके हैं, मगर उनके लिए केंद्र सरकार से पैसा मिला था। अभी चन्नौर के लिए केंद्र से पैसा नहीं मांगा गया है लिहाजा राज्य सरकार खुद बजट दे रही है। छह करोड़ के बाद और पैसा इसे विकसित करने के लिए लगेगा। बताया जाता है कि ऊना के पंडोगा और और कांगड़ा के कंदरौड़ी में सरकार ने निवेश के लिए 52 प्लाटों का आबंटन कर दिया है। पिछले छह सालों से सरकार इन दोनों क्षेत्रों को नए औद्योगिक क्षेत्र के रुप में विकसित कर रही है। काम पूरा न हो पाने के कारण लोग यहां निवेश ही नहीं कर पा रहे थे। इनके काम में तेजी लाते हुए दोनों औद्योगिक क्षेत्रों में 26-26 प्लांटों का आबंटन कर दिया है। यहां पर उद्योग स्थापित करने के लिए निवेशक अब अपना काम शुरू कर सकते हैं। कंदरोड़ी में 72 हेक्टेयर और पंडोगा में दो लाख वर्ग मीटर क्षेत्र तैयार किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App