जल्द न्याय के लिए सीएम हेल्पलाइन

By: Dec 23rd, 2019 12:01 am

37 हजार 349 में से अब तक 30 हजार 303 शिकायतों का निपटारा

शिमला – सीएम हेल्पलाइन आम जनता की समस्याएं निपटाने के लिए प्रभावशाली साबित हो रही है। खुद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कहना है कि इससे लोगों को ज्यादा जल्दी न्याय मिल रहा है। कुल एक लाख 54 हजार 975 कॉल्स में 37 हजार 349 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 30 हजार 303 का समाधान किया जा चुका है। इसमें 7046 पर कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने अपनी दो साल की उपलब्धियां गिनाते हुए कुछ ऐसी योजनाओं का जिक्र किया, जो सीधे रूप से आम जनता के साथ जुड़ी हैं। सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय में ऑनलाइन मॉनिटरिंग के लिए हिमप्रगति पोर्टल शुरू किया है, जिससे प्रदेश में चल रही महत्त्वपूर्ण योजनाओं की वह स्वयं ऑनलाइन निगरानी कर रहे हैं। इसी तरह निर्माण कार्यों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कार्यालय में निर्माण गुणवत्ता निगरानी सैल गठित किया गया है। सीएम जयराम ठाकुर ने बताया कि परिवार रजिस्टर को ऑनलाइन करने वाला हिमाचल प्रदेश पहला राज्य बना है। पहली कैबिनेट में इस सरकार ने बुजुर्गों के लिए पहला निर्णय लिया, जिसमें तीन लाख 56 हजार 563 बुजुर्ग जो 70 साल से ऊपर के हो गए हैं, को पेंशन की सुविधा दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मशाला में ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट में लगभग 96 हजार करोड़ रुपए के निवेश के 703 एमओयू किए गए हैं। इसमें से दस हजार करोड़ रुपए के निवेश को 27 दिसंबर को ग्राउंडिंग सेरेमनी में शामिल किया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि केंद्र की उज्ज्वला योजना से एक लाख 36 हजार परिवार को लाभ मिल रहा था, लेकिन शेष बचने वाले लोगों को यहां हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना चलाई गई है, जिसमें दो लाख 62 हजार पात्र परिवारों को भी एलपीजी का कनेक्शन दिया गया। महिला सुरक्षा के लिए गुडि़या हेल्पलाइन शुरू की, जिसमें 3091 शिकायतें मिली हैं, जिनमें से 3011 का निपटारा किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने बताया कि हिमाचल को सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार मिला है। 39 हजार 772 किसानों ने यहां प्राकृतिक खेती अपनाई है, वहीं एंटी हेलनेट स्थापित करने के लिए 80 फीसदी सबसिडी दी जा रही है। दो साल में प्रधानमंत्री आवास योजना से 5045 नए घरों का निर्माण किया गया और यहां मुख्यमंत्री आवास योजना में 2898 आवास स्वीकृत किए गए हैं। 1172 बस्तियों में यहां पीने का पानी उपलब्ध करवाया गया है, वहीं 5130 घरेलू पेयजल कनेक्शन दिए गए हैं।

1892 करोड़ से निखरेगा पर्यटन

सीएम ने बताया कि पर्यटन विकास के लिए 1892 करोड़ रुपए की एशियन विकास बैंक से पर्यटन विकास परियोजना चलाई है, जिसमें नई राहें नई मंजिलें जोड़ी गईं। इसमें जंजैहली को पर्यावरण पर्यटन की दृष्टि से, चांशल घाटी को स्कीइंग, बीड़-बिलिंग को पैराग्लाइडिंग व लारजी व पौंग डैम को जल क्रिडाओं के लिए विकसित किया जा रहा है। इतना ही नहीं मंडी के जंजैहली में पर्यटन सांस्कृतिक केंद्र, मनाली के समीप बडाग्रां में पारंपरिक कला एवं शिल्प केंद्र स्थापित किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App