विदेश से मंगवाए 12 करोड़ के पौधे

By: Dec 17th, 2019 12:30 am

इटली-नीदरलैंड को दिया सेब-अखरोट के बूटों का ऑर्डर

शिमला-बागबानी को बढ़ावा देने के लिए विभाग ने विदेश से 12.28 करोड़ के विभिन्न प्रजाति के  पौधे आयात किए हैं। विभाग ने इस राशि से पांच लाख 85 हजार 550 विभिन्न प्रजातियों के फलों की पौध इटली व नीदरलैंड से मंगवाई है। इन पौधों को इम्पोर्ट करने के लिए ई-टेंडरिंग प्रकिया अपनाई गई है। बागबानी विभाग के अनुसार राज्य में बागबानों द्वारा पिछले दो साल के दौरान विभिन्न फलों के दो लाख 44 हजार 378 पौधों की डिमांड की गई थी। बागबानों की डिमांड को ध्यान में रखते हुए इस साल बागबानी विकास परियोजना के तहत करीब 1.50 लाख पौधों का आबंटन क्लस्टर के तहत बागबानों को किया जाएगा। इसके लिए पौधों के जिलावार आबंटन का ब्यौरा संकलित किया जा रहा है। विभाग के अनुसार विदेशों से सेब कलमी के तीन लाख 36 हजार 550 पौधे मंगवाए गए हैं। इसकी कीमत 9.86 करोड़ बताई जा रही है। ये पौधे मैसर्ज वीटा ट्रेडिंग इटली से मंगवाए गए हैं। इसके अलावा सेब मूलवृंत के दो लाख 45 हजार पौधे व अखरोट कलमी के चार हजार पौधे मंगवाए गए हैं, जिनकी कीमत 2.42 करोड़ है। ये पौधे मैसर्ज फेयर प्लांट ट्रेडिंग नीदरलैंड्स से मंगवाए गए हैं। इन पौधों की खरीद के लिए अंतराष्ट्रीय स्तर पर खुली निविदाएं आमंत्रित की गई थीं।

बागबानों को देेंगे उन्नत किस्म के पौधे

बागबानी विभाग द्वारा बागबानोें को पौधे उपलब्ध करवाने के बाद बागबान अपने बागीचों में उन्नत किस्म के पौधे लगाए पाएंगे। उन्नत किस्म के पौधों के लिए बागबानों को अब इधर-उधर नहीं भटकना पडे़गा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App